Tuesday , May 21 2024

‘आप जैसे बब्बर शेर कार्यकर्ताओं पर बहुत बड़ी है जिम्मेदारी’

चुनाव प्रचार के बीच राहुल गांधी का कार्यकर्ताओं को दिया प्यार भरा संदेश हो रहा वायरल
खबर खास, नई दिल्ली :
‘आप जैसे बब्बर शेर कार्यकर्ताओं पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है।’ यह कहना है कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी का। चुनाव प्रचार के बीच अपनी गाड़ी में बैठे राहुल ने इस बार कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। बहरहाल राहुल का यह संदेश खासा वायरल हो रहा है।
राहुल का संदेश कुछ इस प्रकार है, ‘मेरे प्यारे कार्यकर्ता साथियों नमस्कार, आप हमारी पार्टी की रीढ़ की हड्डी हैं। मैंने सोचा चुनाव का समय है, मैं आपसे थोड़ी सी सीधी बात कर लूं। ये आम चुनाव नहीं है। ये संविधान और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव है, जिसमें आप जैसे ‘बब्बर शेर’ कार्यकर्ताओं के ऊपर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। ऐसा इसलिए क्योंकि कांग्रेस पार्टी की सोच और विचारधारा आपके अंदर है, आपकी रगों में हैं। कांग्रेस का मेनिफेस्टो एक बेहतरीन मेनिफेस्टो है।  इसमें हमारी कुछ महत्वपूर्ण गारंटी हैं-जिसमें गरीब परिवार की एक महिला को सालाना 1 लाख रुपए, अप्रेंटिसशिप का अधिकार- सभी ग्रैजुएट्स और डिप्लोमा होल्डर्स को 1 साल की अप्रेंटिसशिप और 1 लाख रुपए, किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी, मनरेगा श्रमिकों का मेहनताना कम से कम 400 रुपए, कॉन्ट्रैक्ट मजदूरी को खत्म करेंगे, 30 लाख सरकारी नौकरियां देंगे, अग्निवीर को खत्म करेंगे, जीएसटी व्यवस्था को ठीक करेंगे।’
राहुल का कहना था कि ‘हमने जनता की बात सुनकर यह मेनिफेस्टो तैयार किया है। आप इसके बारे में देश की जनता को बताइए। जनता को बताइए कि भाजपा हिंदुस्तान की सोच पर हमला कर रही है, हिंदुस्तान की विचारधारा को खत्म कर रही है, संविधान को मिटाने की कोशिश कर रही है। आप सभी को बहुत-बहुत प्यार।’

राहुल गांधी के इस प्यार भरे संदेश को सुनकर कांग्रेस से जुड़ा हर आम और खास शख्स भरपूर प्यार लुटा रहा है।