Sunday , May 12 2024

लोकसभा चुनाव : सात फेज में होंगे चुनाव, 19 अप्रैल से वोटिंग शुरू; 4 जून को आएंगे नतीजे

खबर खास, चंडीगढ़ :
लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान आज, चुनाव आयोग ने कर दिया है। देश में 543 सीटों के लिए सात फेज में चुनाव होगा। पहला मतदान 19 अप्रैल को होगा जबकि आखिरी फेज का मतदान एक जून को होगा। सभी सीटों पर नतीजे 4 जून को आएंगे। चुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही देश भर में आचार संहिता भी लागू हो गई है।
लोकसभा के साथ-साथ चार राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव की तारीखें भी चुनाव आयोग ने जारी की हैं। यह चार राज्य हैं ओडिशा, अरुणाचलप्रदेश, सिक्किम ओर आंध्रप्रदेश। ओडिशा में 13, 20, 25 मई और 1 जून को मतदान होगा। जबकि बाकी के तीन राज्यों में एक ही फेज में चुनाव होंगे। अरुणाचल और सिक्किम में 19 जबकि आंध्र प्रदेश में 13 मई को वोट डाले जाएंगे।पत्रकारों से बातचीत में चुनाव आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कुछ इस तरह से राजनीतिक दलों से अपील कर डाली। उन्होंने कहा बशीर ब्रद साहब का शेर है ‘दुश्मनी जमकर करो, लेकिन ये गुंजाइश रहे, जब कभी हम दोस्त हो जाएं तो शर्मिंदा न हों।’ उन्होंने कहा कि वैसे भी आजकल जल्दी-जल्दी दोस्त और दुश्मन बनाने की प्रक्रिया चल रही है।
पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान बीते 11 वर्षों में 3400 करोड़ रुपए के कैश मूवमेंट को रोका गया। कुछ राज्यों में हिंसा ज्यादा है तो कुछ में धनबल ज्यादा है तो किसी की समस्या भौगोलिक है। उन्होंने कहा कि राज्य की समस्या के हिसाब से हम उसे ट्रीट कर रहे हैं। मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि देश में 96.8 करोड़ वोटर्स हैं जिनमें से 49.7 करोड़ पुरुष और 47 करोड़ महिला वोटर हैं। इनमें 1.82 करोड़ पहली बार मतदान करेंगे जबकि 18-29 साल के 19.74 करोड़ मतदाता हैं जो अपना भाग्य खुद तय करेंगे। उनहोंने बताया कि 88.4 लाख लोग दिव्यांग हैं और वो वोट डालेंगे। 2.18 लाख 100 साल से ज्यादा उम्र के हैं। 48 हजार ट्रांसजेंडर्स हैं।
उन्होंने बताया कि 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाता और दिव्यांग मतदाताओं को घर से वोट डालने की सुविधा होगी लेकिन उससे पहले उनके घरों पर फार्म पहुंचाया जाएगा जिसमें उन्हें उनकी सुविधा मुताबिक मतदान की व्यवस्था दी जाएगी। उन्होंने कहा कि शिकायत और गड़बड़ी पर नजर रखने के लिए हर जिले में कंट्रोल रूम बनाया गया है। जबकि टीवी, सोशल मीडिया, वेबकास्टिंग, डायल 1950 और सी विजिल पर शिकायत की व्यवस्था की गई है। एक वरिष्ठ अधिकारी हमेशा इन पांच चीजों पर नजर रखेगा और जहां से शिकायत मिलेगी वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि हिंसा न होने दें और नॉन बेलेबल वारंट को पुलिस एक्जिक्यट कर रही है।

26 विधानसभाओं में भी होंगे उपचुनाव
मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि 26 विधानसभाओं में उपचुनाव होने हैं। इनमें बिहार, गुजरात, हरियाणा, झारखंड, त्रिपुरा, वेस्ट बंगाल, हिमाचल, राजस्थान, तमिलनाडु, कर्नाटक व उत्तरप्रदेश शामिल है। यह चुनाव भी पार्लियामेंट्री इलेक्शन के साथ होंगे।

The post लोकसभा चुनाव : सात फेज में होंगे चुनाव, 19 अप्रैल से वोटिंग शुरू; 4 जून को आएंगे नतीजे first appeared on Khabar Khaas.