Saturday , April 27 2024

पंजाब के मुख्यमंत्री ने चंडीगढ़ में बुलाई हाई लेवल बैठक

कई अहम मामलों पर लग सकती है मोहर
खबर खास, चंडीगढ़ :
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज चंडीगढ़ में एक हाई लेवल बैठक बुलाई है। यह बैठक आज दोपहर एक बजे मुख्यमंत्री कार्यालय में होगी। सूत्रों की मानें तो आप सरकार ने सभी तरह की रजिस्ट्री से एनओसी की शर्त को खत्म करने का फैसला लिया है। जिसे लेकर अब इस संबंध में नियमों का खाका तैयार किया गया है। इस बैठक में सरकार के वरिष्ठ अधिकारी और सलाहकार मौजूद रहेंगे।
बताया जा रहा है कि बैठक में पूरी रणनीति के साथ नियमों को अंतिम रूप दिया जाएगा। गौर रहे की बीते रोज ही मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट की थी। जिसमें उन्होंने बताया था कि सरकार पंजाब में सभी तरह की रजिस्ट्रियों पर एनओसी की शर्त समाप्त कर रही है। सरकार ने अब कलर कोडिंग स्टैंप पेपर सिस्टम शुरू किया है। इसके तहत कॉलोनी बनाने के लिए कॉलोनाइजर को लाल स्टांप पेपर लेना पड़ेगा और उसे यह तभी जारी होगा जब उसे सीवरेज, फायर, बिजली, पॉल्यूशन समेत सभी मंजूरियां मिली होंगी। जिसके चलते अब भविष्य में अपने घर के सपने देखने वाले लोगों को दिक्कतें पेश नहीं आएंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा भी कि जिन लोगों ने पहले अवैध कालोनियों में प्लाट खरीदे हैं, उन्हें भी अब परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ कॉलोनाइजर इस फैसले से खुश होंगे क्योंकि उनकी अवैध कॉलोनी अब रैगुलर हो जाएगी। लेकिन इस बार तो यह लोग बच जाएंगे पर अगली कॉलोनी काटने से पहले उन्हें पूरा हिसाब देना पड़ेगा। जल्द ही इस संबंध में सरकार नोटिफिकेशन जारी करेगी।

The post पंजाब के मुख्यमंत्री ने चंडीगढ़ में बुलाई हाई लेवल बैठक first appeared on Khabar Khaas.