Wednesday , May 8 2024

क्या शिक्षा, चिकित्सा, बिजली,-पानी और किसानी समेत रोजगार पंजाब के मुद्दे नहीं ?

आप प्रवक्ता नील गर्ग ने अकाली दल से पूछा सवाल

अकाली दल तो मोदी सरकार के काले कानूनों का साथ दिया, इन्होंने हमेशा किसानों के साथ धोखा किया – नील गर्ग

बादल सरकार ने अपने फायदे के लिए पंजाब पर कर्ज चढ़ाया और पंजाब के खजाने को चूना लगाया – गर्ग

खबर खास, चंडीगढ़ :

आम आदमी पार्टी(आप) ने शिरोमणि अकाली दल बादल के आरोपों पर पलटवार किया है। आप प्रवक्ता नील गर्ग ने कहा कि अकाली दल पंजाब के लोगों को गुमराह करने के लिए झूठ बोल रही है। सच्चाई यह है कि सिर्फ आम आदमी पार्टी ही मुद्दों और अपने दो सालों के काम के आधार पर चुनाव लड़ रही है।

शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय चंडीगढ़ में एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए नील गर्ग ने कहा कि आम आदमी पार्टी मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में यह लोकसभा चुनाव शिक्षा चिकित्सा बिजली पानी किसानी और रोजगार पंजाब के मुद्दों पर लड़ रही है। अकाली दल बताए, क्या ये पंजाब के मुद्दे नहीं है?

गर्ग ने कहा कि अकाली दल ने तो मोदी सरकार के काले कानूनों का साथ दिया। इन्होंने हमेशा किसानों के साथ धोखा किया। बादल परिवार ने नहर काटकर अपने फार्म हाउस तक पानी पहुंचा लिया लेकिन पंजाब के किसानों को पानी देने के बारे में कभी नहीं सोचा। वहीं मान सरकार किसानों की सुविधा के लिए पंजाब के कोने-कोने तक नहरी पानी पहुंचा रही है।

आज मान सरकार आम लोगों को हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली दे रही है और किसानों को भी खेती के लिए दिन में ही पर्याप्त बिजली दे रही है। वहीं इस बार किसानों के गेहूं और चावल के एक-एक दाने खरीदे गए और 24 घंटे के अंदर फसलों के दाम मिले।

उन्होंने कहा कि अकाली दल ने पंजाब में माफिया राज बढ़ाया और पंजाब के खजाने को चूना लगाकर अपने खजाने भरे। उन्होंने पंजाब को इतना ज्यादा कर्ज में डूबा दिया कि आज पंजाब सरकार को हजारों करोड़ रुपए ब्याज के देने पड़ रहे हैं। अकाली दल बताए कि उन्होंने इतने सारे कर्ज के पैसे का किया क्या?

नील गर्ग ने कहा कि अकाली दल ने पंजाब के मुद्दों पर कभी कुछ नहीं बोला। आज केन्द्र सरकार पंजाब का रूरल डेवलपमेंट फंड का 5000 करोड रुपए से ज्यादा रोक रखी है। इसके अलावा पंजाब के हेल्थ मिशन के हजारों करोड़ पैसे रोक रखे हैं और कई मामलों पर पंजाब के साथ भेदभाव कर रही है, लेकिन अकाली दल इन सब मामलों पर चुप है।