Saturday , April 27 2024

‘भाजपा वोट चोर पार्टी है’

चंडीगढ़ मेयर चुनाव के अंदर की वीडियो दिखा बोली आम आदमी पार्टी
अनिल मसीह ने तो सिर्फ काम को अंजाम दिया, असली साजिशकर्ता कोई और है, उस पर भी कार्रवाई होनी चाहिए – सनी आहलूवालिया
आहलूवालिया ने मीडिया को वीडियो दिखाया जिसमें अनिल मसीह मतपत्रों के साथ छेड़छाड़ करते नजर आ रहे थे और भाजपा के कई मनोनीत पार्षद कैमरामैनों को हटा रहे थे
खबर खास, चंडीगढ़ :
आम आदमी पार्टी(आप) मेयर चुनाव में हुई धांधली के खिलाफ चंडीगढ़ में लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही है। पार्टी नेताओं द्वारा किया जा रहा भूख हड़ताल तीसरे दिन भी जारी रहा।भूख हड़ताल में रोज पार्टी के एक पार्षद और चार कार्यकर्ता 24 घंटे अनशन पर बैठते हैं।मंगलवार को प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ के सह-प्रभारी डॉ. सनी अहलूवालिया ने मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने मीडिया को चंडीगढ़ मेयर चुनाव के दौरान की अंदर की वीडियो दिखाते हुए कहा कि इस वीडियो से स्पष्ट हो गया है कि भारतीय जनता पार्टी वोट चोर पार्टी है। वह वोटों की चोरी कर और चुनाव में धांधली एवं गुंडागर्दी कर चुनाव जीतती है।उन्होंने कहा कि अनिल मसीह ने तो सिर्फ काम को अंजाम दिया है। इस काम का असली साजिशकर्ता कोई और है। उस पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अनिल मसीह के हाव-भाव से साफ लग रहा था कि इस काम को करने के लिए उन्हें उपर से आदेश आया था। आहलूवालिया ने जो वीडियो मीडिया को दिखाई उसमें अनिल मसीह कैमरे के सामने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस को पड़े वोट वाले मतपत्रों के साथ छेड़छाड़ करते नजर आ रहे थे। वह बीच बीच में संशय की स्थिति में कैमरे की तरफ भी देख रहे थे। वहीं भाजपा के कई मनोनीत पार्षद वहां मौजूद विभिन्न मीडिया चैनलों के कैमरामैनों को हटा रहे थे और उन्हें अंदर आने से रोक रहे थे।आहलूवालिया ने कहा कि इस बार उनकी चोरी पकड़ी गई है। अब वह बच नहीं सकते। सुप्रीम कोर्ट ने भी माना है कि मेयर चुनाव में भाजपा ने लोकतंत्र की हत्या की। उनकी गुंडागर्दी पर अब सुप्रीम कोर्ट प्रहार करेगा। उन्होंने कहा कि इस बार हम भाजपा को सबक सीखा कर रहेंगे। आम आदमी पार्टी आंदोलन से पैदा हुई पार्टी हैं। हम धक्काशाही बर्दाश्त नहीं करेंगे। अब हमने ठान लिया है कि जबतक चंडीगढ़ में धांधली कर बनाया गया भाजपा का नया मेयर नहीं हटता, हम अपना भूख हड़ताल और विरोध प्रदर्शन जारी रखेंगे।

The post ‘भाजपा वोट चोर पार्टी है’ first appeared on Khabar Khaas.