Friday , May 10 2024

पंजाब के लुधियाना में पुलिस ने किया फर्जी विजिलेंस इंस्पेक्टर को गिरफ्तार

खबर खास, चंडीगढ़ :
पंजाब की लुधियाना पुलिस ने फर्जी विजिलेंस इंस्पेक्टर को लोगों को ठगने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान ईशर नगर के हरमनप्रीत सिंह के तौर पर हुई है। पुलिस को उसके कब्जे से इंस्पेक्टर की वर्दी भी मिली है।पुलिस के मुताबिक सूचना मिली कि खुद को विजिलेंस अधिकारी बताने वाला शख्स गिल गांव के नजदीक गाड़ी में घूम रहा है। पुलिस टीम ने एएसआई हरबंस सिंह के नेतृत्व में नाकाबंदी की और पूछताछ के लिए रोका। उसने खुद को विजिलेंस इंस्पेक्टर बताया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने कबूला कि वह लोगों पर रौब डालने और ठगी करने के लिए फर्जी इंस्पेक्टर बना था।
एडीसीपी देव सिंह ने बताया कि आरोपी ग्रेजुएट है और पुलिस में भर्ती का उसका सपना पूरा नहीं हो पाया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह कितने लोगों के साथ ठगी कर चुका है। उन्होंने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन का रिमांड लिया गया है। इसके साथ ही पुलिस अधिकारियों ने वर्दी बेचने वाले दुकानदारों को सख्त हिदायत दी है कि वह बिना वेरिफिकेशन के किसी को वर्दी न बेचे। यह भी पता चला है कि हरमनप्रीत ने सरकारी कर्मचारियों के साथ भी ठगी की थी।

The post पंजाब के लुधियाना में पुलिस ने किया फर्जी विजिलेंस इंस्पेक्टर को गिरफ्तार first appeared on Khabar Khaas.