Friday , May 3 2024

लोगों को उपभोक्ताओं के अधिकारों के प्रति जागरूक करना अनिवार्य : बरसट

विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस के अवसर पर समारोह आयोजित
खबर खास, चंडीगढ़ :
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार, विपणन एवं निरीक्षण निदेशालय, क्षेत्रीय कार्यालय, चंडीगढ़ ने पंजाब मंडी बोर्ड के सहयोग से आज विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस के अवसर पर किसान भवन, सेक्टर-35, चंडीगढ़ में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। इस मौके पर स. हरचंद सिंह बरसट, चेयरमैन, पंजाब मंडी बोर्ड ने मुख्य मेहमान और श्रीमति पद्मा पांडे, सदस्य, राज्य उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग, चंडीगढ़ (यूटी) विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम का उद्घाटन स. हरचंद सिंह बरसट ने रिबन काट कर किया। इस दौरान उन्होंने सभी को विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस के महत्व के बारे में जानकारी दी।पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन ने कहा कि मिलावटी खाने का सेवन करने से लोगों में बीमारियां बढ़ रही हैं। इसके प्रति लोगों का जागरूक होना बहुत जरूरी है। मिलावट करने वालों के खिलाफ बहुत सख्त कानून बने हुए हैं, लेकिन आज मिलावट करने वालों की संख्या बढ़ गई है और इन्हें रोकने के लिए सरकार की तरफ से प्रयास भी किए जा रहे हैं और लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। आज के समय में गांवों के लोगों और इंस्टीट्यूट्स में उपभोक्ताओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता लाने की जरूरत है, क्योंकि ये लोग अपने अधिकारों के प्रति जागरूक नहीं हैं।
उन्होंने आगे बताया कि पंजाब राज्य की 79 मंडियां अब तक ई-नाम से जुड़ चुकी हैं और 2.17 लाख किसान, 8,948 आढ़ती, 2,876 खरीद्दार और 39 एफ.पी.ओज़ इस पोर्टल पर पंजीकृत हो चुके हैं। इस योजना के तहत 11 वस्तुओं (बासमती, मक्की, कपास, मूंग, हरा मटर, आलू, शिमला मिर्च, किन्नू, तरबूज, लीची और सूरचमुखी) की खरीद और बिक्री ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से की जाती है। स. बरसट ने सभी से टेक्नोलोजी से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि मिलावटखोरी को रोकना बहुत जरूरी है और वह इसमें अपना पूरा सहयोग देंगे।
श्रीमति पद्मा पांडे ने उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम और उपभोक्ताओँ के अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एगमार्क एक सरकारी ट्रेड मार्क है और इसकी जानकारी सभी को होनी चाहिए। खरीदारी करते समय हर उत्पाद जांच-पड़ताल के बाद ही खरीदना चाहिए। स. स्वर्ण सिंह, डी.जी.एम. मार्केटिंग, पंजाब मंडी बोर्ड ने मिलावट के बारे में विस्तार से जानकारी दी। श्री मनोज कुमार, डिप्टी ए.एम.ए., डी.एम.आई., आर.ओ., चंडीगढ़ ने निदेशालय की विभिन्न योजनाओं जैसे एगमार्क, एग्रीकल्चरल मार्केटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, मरीन, एफ.पी.ओ. स्कीम के साथ-साथ ई-नाम के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर विभिन्न कंपनियों द्वारा अपने उत्पादों की जानकारी देने के लिए प्रदर्शनी भी लगाई गई।

The post लोगों को उपभोक्ताओं के अधिकारों के प्रति जागरूक करना अनिवार्य : बरसट first appeared on Khabar Khaas.