Saturday , July 27 2024

फिरोजपुर में बोले केजरीवाल, मोदी कहते हैं आढ़तियों को बिचौलिये, हम अर्थव्यवस्था की रीढ़ मानते हैं

[ad_1]

खबर खास, फिरोजपुर/चंडीगढ़:

आम आदमी पार्टी(आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को फिरोजपुर में व्यापारियों कारोबारियों के साथ के साथ मीटिंग की। केजरीवाल ने व्यापारियों की समस्याएं सुनी और उन्हें समाधान का भरोसा दिया। केजरीवाल के साथ मीटिंग में आप के राष्ट्रीय महासचिव डॉ संदीप पाठक, पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और फिरोजपुर से आप उम्मीदवार जगदीप सिंह काका बराड़ मौजूद थे।

सभा को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के आढ़तियों से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आपको बिचौलिया कहते हैं। लेकिन हम आपको अपनी अर्थव्यवस्था की रीढ़ की हड्डी मानते हैं। हमारे मन में आपके लिए बहुत सम्मान है। उन्होंने कहा कि जिस तरह देश के विकास के लिए किसान और मजदूर महत्वपूर्ण है, उसी तरह व्यापारी, कारोबारी और उद्योगपति भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि एक साल पहले मैं पंजाब आया था। उस समय मैं और मुख्यमंत्री भगवंत मान जालंधर, लुधियाना, मोहाली सहित कई शहरों में व्यापारियों के साथ कई घंटे मीटिंग की और उनकी हर समस्या को मैंने ख़ुद नोट किया था। मेरे जाने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कई बार व्यापार मिलनी की और उसके आधार पर व्यापारियों की समस्या के समाधान के लिए ‘वन टाइम सेटलमेंट’ स्कीम जैसे कई महत्वपूर्ण फैसले लिए।

⁠केजरीवाल ने कहा कि हमारी सरकार बनने के पहले पंजाब में इंडस्ट्री की बहुत बुरी हालत थी। 75 सालों से पंजाब की इंडस्ट्री परिवारवादी का शिकार थी। व्यापारी राज्य छोड़कर राजस्थान, मध्यप्रदेश गुजरात जैसे बाहर के राज्यों में जा रहे थे, लेकिन पिछले दो सालों से इंडस्ट्री के राज्य छोड़कर जाने का सिलसिला खत्म हुआ है और आने का शुरू हुआ है।

दो साल में पंजाब में करीब 56000 करोड़ के निवेश हो चुके हैं। टाटा स्टील जैसी प्रतिष्ठित कंपनी ने जमशेदपुर के बाद अपना दूसरा प्लांट यहां लगाया है। ⁠जर्मनी और नीदरलैंड जैसे देशों की कंपनियां भी अब पंजाब आ रही है। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि पिछले दो सालों में पंजाब में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति में काफी सुधार हुआ है और भारी मात्रा में इंडस्ट्री का यहां लगना इसे सच साबित करता है। इसके अलावा हमने इंडस्ट्री के लिए सरकारी प्रक्रिया को आसान बनाया और उन्हें सरकारी दफ्तरों के झंझट से मुक्त कराया।

उन्होंने कहा कि पंजाब में हमारी सरकार ने भ्रष्टाचार खत्म किया, जिससे अब सरकारी पैसे की काफी बचत हो रही है। उस पैसे से हम पंजाब के लोगों को मुफ्त बिजली दे रहे हैं। आज पंजाब के 83 प्रतिशत लोगों के बिजली बिल जीरो आ रहे हैं। इसके अलावा हम जगह-जगह मोहल्ला क्लीनिक बना रहे हैं और सरकारी अस्पतालों की हालत सुधार रहे हैं। वहीं सरकारी स्कूलों को हम स्कूल ऑफ एमिनेंस में बदल रहे हैं। यह सब इसलिए हो रहा है क्योंकि हमारी नीयत साफ है और हम ईमानदारी से कम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पंजाब का और तेजी से विकास के लिए मुझे आपके समर्थन की जरूरत है। आपसे विनती है कि हमारे हाथ मज़बूत करें। अगर आपने हमें 13 सीटें दे दी तो केंद्र में हमारी ताक़त बढ़ेगी। फिर कोई भी पंजाब का फंड नहीं रोक पाएगा और राज्यपाल भी पंजाब का कोई बिल नहीं रोक सकेगा। अभी केंद्र सरकार पंजाब के करीब साढ़े आठ हजार करोड़ रुपये रोक रखी हैं। ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि लोकसभा में हम कमजोर हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पंजाब को परेशान कर रही है। पंजाब का उड़ीसा में एक कोल माइन है, जब हमने वहां से कोयला लाना शुरू किया तो केंद्र सरकार ने कहा कि श्रीलंका और गुजरात होकर अपना कोयला पंजाब लाओ। जब मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इसका विरोध किया तब केंद्र सरकार ने कोयला लाने के लिए एक डायरेक्ट ट्रेन दिया। अगर संसद में हमारे ज्यादा सांसद होते तो ऐसा नहीं होता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *