Saturday , April 27 2024

सरकारी सुविधाओं का आदतन लाभार्थी है बादल परिवार – आप

सुख विलास होटल पंजाब के लोगों के खून पसीने से बना है, इससे पंजाब के खजाने को 108 करोड़ का चूना लगा – आप
बादल ने सत्ता का उपयोग अपने निजी फायदे के लिए और पारिवारिक व्यवसाय के लिए किया – मलविंदर सिंह कंग
बादल ने जब एसवाईएल का नोटिफिकेशन जारी किया तो बदले में उन्हें गुड़गांव में फाइव स्टार होटल के लिए जमीन मिली, एसवाईएल का अपग्रेडेशन किया तो उनके बालासर फार्म को ज्यादा पानी मिला – कंग
बादल परिवार ने पंजाब का पानी, जमीन, जंगल परिवहन को अपने फायदे के लिए इस्तेमाल किया, इन्होंने गुरबाणी को भी नहीं बख्शा – कंग
खबर खास, चंडीगढ़ :
आम आदमी पार्टी (आप) ने सुखविलास होटल मामले पर शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल पर फिर से हमला बोला है। आप पंजाब के मुख्य प्रवक्ता मलविंदर सिंह कंग ने कहा कि बादल परिवार सरकारी सुविधाओं का आदतन लाभार्थी है।
शुक्रवार को चंडीगढ़ पार्टी मुख्यालय में एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए मलविंदर कंग ने कहा कि बादलों ने हमेशा सत्ता का उपयोग अपने निजी फायदे के लिए और पारिवारिक व्यवसाय के लिए किया। सुख विलास होटल इसका सिर्फ एक उदाहरण है। ऐसा उन्होंने हर सरकारी विभाग में किया है।
कंग ने इसका उदाहरण भी दिया और कहा कि जब प्रकाश सिंह बादल ने 1977 में एसवाईएल नहर का नोटिफिकेशन जारी किया था तो बदले में उन्हें हरियाणा सरकार से गुड़गांव में फाइव स्टार होटल के लिए जमीन मिली। 1997 में जब उनकी सरकार ने एसवाईएल के अपग्रेडेशन कार्य किए तो उन्हें फायदे में बालासर के फार्म को ज्यादा से ज्यादा पानी ताकि उनकी खेती में कोई दिक्कत न हो।
इन लोगों ने गुरबाणी को भी नहीं छोड़ा। गुरु साहिब की वाणी के प्रचार प्रसार को भी इन्होंने सीमित कर दिया और इससे फायदा कमाया। इसका एकाधिकार उनके चैनल पीटीसी को दिया गया। किसी और चैनल को इसके प्रसारण का अधिकार नहीं था। अगर और चैनलों को भी गुरबाणी के प्रसार का अधिकार मिलता था तो एसजीपीसी को करोड़ों रुपए मिलते।
इसी तरह इन्होंने अपना ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय खड़ा किया। अपने फायदे के लिए वे एक ट्रांसपोर्ट पॉलिसी लेकर आए जिसमें प्राइवेट बसों पर कम टैक्स और सरकारी बसों पर ज्यादा टैक्स लगाया गया। उस पॉलिसी में ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट के तमाम नियमों की धज्जियां उड़ाई गई जिसका सीधा फायदा उनकी ट्रांसपोर्ट कंपनी को मिला।
सुखविलास होटल मामले में भी इन्होंने सत्ता को अपने फायदे के लिए इस्तेमाल किया। फॉरेस्ट कानूनों को ताक पर रखकर फाइव स्टार होटल बनाया और सरकार से टैक्स और बिजली बिल माफ करवा लिया जिससे पंजाब के खजाने को करीब 108 करोड़ का चूना लगाया। उन्होंने कहा कि सुखविलास होटल पंजाब के लोगों के खून पसीने से बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि बादल परिवार ने सत्ता में रहते हुए पंजाब के किसी भी संसाधन को नहीं छोड़ा। इन्होंने पंजाब का पानी, जमीन, जंगल परिवहन और यहां तक कि गुरबाणी को भी अपने फायदे के लिए इस्तेमाल किया। कंग ने लोगों से अपील की कि इनकी बातों में न आएं। इनका काम लोगों को गुमराह करके अपना व्यवसाय चलाना है।

The post सरकारी सुविधाओं का आदतन लाभार्थी है बादल परिवार – आप first appeared on Khabar Khaas.