Saturday , May 18 2024

पंजाब : एलपीयू के बाहर फायरिंग में युवक को मारी गोली, गंभीर घायल

खबर खास, चंडीगढ़ :
पंजाब के फगवाड़ा में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के लॉ गेट के बाहर युवकों के दो गुट आपस में भिड़ गए। इनमें से एक गुट ने गोली चला दी जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि आपस में हुई मारपीट में दूसरे गुट के दो युवकों के सिर फट गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। यह मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ है।
गोलीबारी में घायल युवक सत्यम कुमार ने बताया कि शुक्रवार-शनिवार रात करीबन ढाई बजे वह अपने दोस्त की जन्मदिन पार्टी से फारिग होकर ग्रीन वैली एरिया में गली के बाहर खड़ा था। इस दौरान तीन बाइकों पर सवार होकर कुछ युवक आए और झगड़ा शुरू कर दिया। इसके बाद मनी नामक युवक ने गोलियां चला दीं। जिसमें से एक गोली उसके बाजू और एक पेट से छूकर निकल गई। वहां मौजूद लोग उसे सिविल अस्पताल ले गए जहां से गंभीर हालत के चलते उसे जालंधर रेफर कर दिया गया।
सत्यम ने आरोप लगाया है कि मनी कुछ दिन पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। उसके खिलाफ पहले भी कई केस दर्ज हैं। कपूरथला जेल में वह सजा काट रहा था।
वहीं, दूसरे पक्ष के आदर्श त्रिपाठी ने कहा कि सत्यम ने अपने साथियों के साथ मिलकर हमपर हमला किया। उन्होंने कहा कि रात को वह अपने दोस्त को लेने के लिए पहुंचा जहां सत्यम उसके साथी उसके दोस्त से मारपीट कर रहे थे। जब वह छुड़वाने आगे बढ़े तो उन्होंने हमला कर दिया। सत्यम ने कहा कि उनकी कोई पुरानी रंजिश नहीं थी। उनके दोस्त का विवाद पहले सत्यम के साथ हुआ था। जिसके बाद वह इलाज के लिए फगवाड़ा सिविल अस्पताल पहुंचा तो सत्यम के साथियों ने उनपर अस्पताल के गेट पर भी हमला किया।
फगवाड़ा एसपी रुपिंदर कौर ने कहा कि केस में करीब 7 से 8 लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।