Friday , May 17 2024

लुधियाना से भाजपा के रवनीत बिट्‌टू को टक्कर देंगे राजा वड़िंग, कांग्रेस ने जारी की सूची

खबर खास, चंडीगढ़ :
आल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने पंजाब की चार विधानसभा सीटों से अपने उम्मीदवारों की घोषणा आज कर दी है। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग लुधियाना में रवनीत सिंह बिट्‌टू को चुनौती देंगे। वहीं, गुरदासपुर से सुखजिंदर सिंह रंधावा, खडूर साहिब से कुलबीर सिंह जीरा, श्री आनंदपुर साहिब से विजय इंदर सिंगला को चुनाव मैदान में उतारा गया है।
कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी इस सूची के बाद साफ है कि लुधियाना सीट पर कांग्रेस बड़ा दांव खेल रही है। कुछ समय पहले ही कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए रवनीत सिंह बिट्‌टू को भाजपा ने यहीं से टिकट दिया था जिसके चलते यह सीट काफी चुनौतीपूर्ण मानी जा रही थी और कांग्रेस किसी भी कीमत पर यह सीट नहीं हारना चाहती थी। दरअसल बिट्टू के कांग्रेस छोड़ने के बाद कांग्रेस को लुधियाना से प्रत्याशी ढूंढने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही थी। लुधियाना सीट से पूर्व कैबिनेट मंत्री भरत भूषण आशू, सिमरजीत सिंह बैंस, रवनीत बि‌ट्‌टू के चचेरे भाई गुरकीरत सिंह कोटली और जालंधर कैंट विधायक परगट सिंह के नामों पर चर्चा हो रही थी।
वहीं, अब कांग्रेस ने 12 सीटों से अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है जबकि फिरोजपुर से उम्मीदवार की घोषणा अभी बाकी है।