Thursday , May 9 2024

पंजाब के राज्यपाल ने दिया इस्तीफा, राष्ट्रपति को भेजा इस्तीफा

चंडीगढ़ प्रशासक पद भी छोड़ा
खबर खास, चंडीगढ़:
पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित ने शनिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। पुरोहित ने अपना इस्तीफा राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू को भेजा है और इसकी वजह निजी कारण बताए हैं।
उन्होंने अपने इस्तीफे में तीन लाइनें लिखी हैं कि वह अपने व्यक्तिगत कारणों और कु्छ अन्य प्रतिबद्धताओं के चलते पंजाब के राज्यपाल और गर्वनर पद से इस्तीफा दे रहे हैं। कृप्या इसे स्वीकार कर उन्हें उपकृत किया जाए। गौर रहे कि भाजपा से लंबे समय से जुड़े रहे पुरोहित को 21 अगस्त 2021 में पंजाब का राज्यपाल नियुक्त किया गया था। इससे पहले वह वर्ष 2017 से 2021 तक तामिलनाडु और 2016 से 2017 तक असम के गर्वनर रहे। 16 अप्रैल 1940 को राजस्थान के नवलगढ़ में जन्में पुरोहित तीन बार लोकसभा सांसद रहे। वह दो बार कांग्रेस और एक बार भाजपा के टिकट पर चुनाव जीते। पुरोहित ने 1999 में तत्कालीन केंद्रीय मंत्री और भाजपा के कद्दावर नेता प्रमोद महाजन के साथ मतभेद हो जाने पर भाजपा छोड़ दी और कांग्रेस में शामिल हो गए। उसके बाद उन्होंने 1999 में कांग्रेस के टिकट पर रामटेक से लोकसभा चुनाव लड़ा लेकिन हार गए।
वर्ष 2003 में पुरोहित ने महाराष्ट्र में ही ‘विदर्भ राज्य पार्टी’ नाम से अपनी पार्टी बना ली और 2004 में नागपुर से लोकसभा चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए। इसके बाद वह दोबारा भाजपा में शामिल हो गए। 2009 में उन्होंने भाजपा के टिकट पर फिर से भाग्य आजमाया लेकिन वह कांग्रेस के विलास मुत्तेमवार से हार गए।

The post पंजाब के राज्यपाल ने दिया इस्तीफा, राष्ट्रपति को भेजा इस्तीफा first appeared on Khabar Khaas.