Monday , May 20 2024

केंद्रीय बजट “दुनिया में 5 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में एक दूरदर्शी रोडमैप है: सौदान सिंह

खबर खास, चंडीगढ़ :
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पंजाब, हरियाणा एवं चंडीगढ़ के प्रभारी सौदान सिंह ने आज मोदी सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह विकास के प्रति “संवेदनशीलता का बजट” है, जो सर्वांगीण, सर्वव्यापी और सर्वसमावेशी है।
केंद्रीय बजट को 2047 के विकासशील भारत के लिए दूरदर्शी बताते हुए, सौदान सिंह ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग के प्रति संवेदनशीलता, चाहे वह महिलाएं हों, जो देश की आधी आबादी हैं, को दशकों के उत्पीड़न और भेदभाव के बाद केंद्र बिन्दु में लाया गया है। संसद और विधानसभाओं में एक तिहाई सीटें आरक्षित करने और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 70 प्रतिशत मकान महिलाओं को देने से उनका सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा, रूफ टॉप सोलराइजेशन के माध्यम से एक करोड़ परिवारों को 300 यूनिट बिजली प्राप्त करने में सक्षम बनाया जाएगा। सक्षम आंगनवाड़ी और पोषण 2.0 के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों को अपग्रेड करने में तेजी लाई जाएगी और इससे महिलाओं और बच्चों के जीवन में कई गुना सुधार होगा।
शिक्षा संस्थानों, अस्पतालों के उत्थान और उन्नयन के लिए बुनियादी ढांचे और योजनाओं को प्राथमिकता दी गई है। तेजी से बदलते परिवेश को ध्यान में रखते हुए वित्त मंत्री ने प्रौद्योगिकी के लिए धन आवंटित किया है और यहां तक कि सड़कों पर भी नई टैक्नोलोजी का उपयोग किया जाएगा, इथेनॉल के उपयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि कुल मिलाकर यह बजट अगले तीन वर्षों में भारत को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अनुमानित विकास दर 7 प्रतिशत है और तीन वर्षों में सकल घरेलू उत्पाद 5 ट्रिलियन हो जाएगा।

The post केंद्रीय बजट “दुनिया में 5 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में एक दूरदर्शी रोडमैप है: सौदान सिंह first appeared on Khabar Khaas.