Monday , May 20 2024

पंजाब : मुख्यमंत्री द्वारा महँगाई भत्ते में 4 प्रतिशत वृद्धि का ऐलान

सरकारी कर्मचारियों को नए साल का तोहफ़ा

कर्मचारियों की भलाई की वचनबद्धता दोहराई

चंडीगढ़:

पंजाब सरकार के लाखों कर्मचारियो और पैंशनरों को नए साल के तोहफ़े के तौर पर मुख्यमंत्री ने 1 दिसंबर, 2023 से 4 प्रतिशत महँगाई भत्ता (डीए) देने की मंजूरी दे दी है, जिससे महँगाई भत्ता 34 से बढ़ कर 38 प्रतिशत हो गया। इस सम्बन्धी फैसला आज, सोमवार को यहाँ पंजाब भवन में मुख्यमंत्री द्वारा कर्मचारियों के साथ हुई मीटिंग के दौरान लिया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस फैसले से लाखों कर्मचारियों और पैंशनरों को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारी प्रांतीय प्रशासन का अहम हिस्सा हैं और उनके हितों की रक्षा करना सरकार की मुख्य प्राथमिकता है। मान ने कहा कि इस नेक कार्य के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जायेगी और कर्मचारियों की भलाई के लिए हरसंभव प्रयत्न किये जाएंगे। एक अन्य मुद्दे पर चर्चा करते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पुरानी पैंशन स्कीम बहाल करने का मुद्दा केंद्र सरकार के समक्ष उठाएगी। उन्होंने कहा कि इस मामले को आगे बढ़ाने के लिए भारत सरकार के वित्त सचिव के साथ बैठक की जायेगी। मान ने स्टेनो टाईपिस्टों के लिए वरिष्ठता के आधार पर अलग-अलग विभागों में तरक्कियों को यकीनी बनाने के लिए समय-सारणी (टाईम स्केल) तैयार करने के भी निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी यकीनी बनाने के लिए कहा कि सभी विभागों की मनिस्टरियल सेवाओं में खाली पड़े पदों को तरक्की के द्वारा भरने की प्रक्रिया दो महीनों के अंदर-अंदर यकीनी बनाई जाये। उन्होंने ए. सी. पी स्कीम बहाल करने सहित कर्मचारियों की कई लटकतीं माँगों के समाधान के लिए कमेटी बनाने का ऐलान भी किया। मान ने कर्मचारियों को भरोसा दिया कि राज्य सरकार उनकी भलाई के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है और इस सम्बन्धी ठोस प्रयास किये जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ‘रंगला पंजाब’ सृजन करने के लिए वचनबद्ध है, जिसके लिए समाज के हर वर्ग का सहयोग ज़रूरी है। उन्होंने कहा कि पंजाब को हर क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए राज्य सरकार के कर्मचारी भी प्रेरक के तौर पर काम करेंगे। भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य के सर्वांगीण विकास और लोगों की खुशहाली के लिए समर्पित है।

 

The post पंजाब : मुख्यमंत्री द्वारा महँगाई भत्ते में 4 प्रतिशत वृद्धि का ऐलान first appeared on .