Monday , May 20 2024

बेअंत के हत्यारे राजोआणा ने की भूख हड़ताल खत्म |

खबर खास, चंडीगढ़ :

जेल में बंद पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के दोषी बलवंत सिंह राजोआणा ने आज, शुक्रवार को अपनी भूख हड़ताल समाप्त कर दी है। श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह, तख्त श्री केशगढ़ साहिब के जत्थेदार ज्ञानी सुलतान सिंह और एसजीपीसी के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी से बैठक के बाद राजोआणा ने भूख हड़ताल समाप्त कर दी।
इस बारे में जानकारी देते हुए एसजीपीसी के अध्यक्ष धामी ने बताया कि श्री अकाल तख्त के आदेशों के बाद राजोआणा ने भूख हड़ताल समाप्त कर दी है। इसके साथ ही राजोआणा ने कहा है कि वह अब और इंतजार नहीं कर सकते और जल्द से जल्द उनके मामले में फैसला करवाया जाए।

गौरतलब है कि बलवंत सिंह राजोआणा पांच दिसंबर से भूख हड़ताल पर थे। बीते तीन दिनों से पटियाला जेल में बंद राजोआणा की भूख हड़ताल खत्म करवाने के प्रयास जारी थे। इस दौरान श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार की ओर से एक उच्च स्तरीय दल ने जेल प्रशासन से राजोआणा से मिलने का समय मांगा था। जिसके बाद अकाल तख्त के जत्थेदार समेत अन्य आज सुबह पटियाला जेल राजोआणा से मुलाकात करने पहुंचे थे। जिसके बाद ही राजोआणा ने स्वर्ण मंदिर से लाए जल को पीकर अपनी हड़ताल खत्म कर दी।