Saturday , July 27 2024

पंजाब में कांग्रेस सात सीटों पर जीती, तीन पर आप; जेल से चुनाव लड़ने वाले अमृतपाल ने भी की जीत दर्ज

खबर खास, चंडीगढ़ :
लोकसभा चुनाव के नतीजे सामने आ गए हैं। पंजाब में कांग्रेस ने सात सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं, आम आदमी पार्टी ने तीन, शिरोमणि अकाली दल ने एक और दो सीटों पर निर्दलीयों ने जीत हासिल की है। बड़ी बात यह है कि असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह ने खडूर साहिब सीट से बतौर निर्दलीय पंजाब में सबसे बड़ी जीत दर्ज की है।कांग्रेस के अमृतसर से गुरजीत सिंह औजला ने आप के कुलदीप सिंह धालीवाल को पराजित किया। आनंदपुर साहिब से आप के मालविंदर सिंह कंग ने कांग्रेस के विजय इंदर सिंगला को, बठिंडा से शिअद की हरसिमरत कौर बादल ने आप के गुरमीत सिंह खुड्डियां को हराया है।
फरीदकोट से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे सरबजीत सिंह खालसा ने आप के कर्मजीत सिंह अनमोल को हराया है। फतेहगढ़ साहिब से कांग्रेस के डा.अमर सिंह ने आप के गुरप्रीत सिंह जीपी को हराया तो फिरोजपुर से कांग्रेस के शेर सिंह घुबाया ने आप के जगदीप सिंह काका बराड़ को गुरदासपुर से कांग्रेस के सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भाजपा के दिनेश सिंह बब्बू, होशियारपुर से आप के राजकुमार चब्बेवाल ने कांग्रेस की यामिनी गोमर को, जालंधर से कांग्रेस के चरणजीत सिंह चन्नी ने भाजपा के सुशील कुमार रिंकू, खडूर साहिब से निर्दलीय अमृतपाल सिंह ने कांग्रेस के कुलबीर सिंह जीरा, पटियाला से कांग्रेस के डा.धर्मवीर गांधी ने आप के डा. बलबीर सिंह, संगरूर से आप के गुरमीत सिंह मीत हेयर ने कांग्रेस के सुखपाल खैहरा को जबकि लुधियाना से कांग्रेस के अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने भाजपा के रवनीत सिंह बिट्‌टू को करारी शिकस्त दी।
यहां खास बात यह है कि आप से लोकसभा चुनाव रहे केबिनेट मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने ही जीत हासिल की। जबकि आप नीत पंजाब सरकार के चार मंत्री हार गए हैं।