Saturday , July 27 2024

‘संगरूर सीएम मान का गृह क्षेत्र, इसलिए यहां से आप उम्मीदवार को सबसे ज्यादा मार्जिन से जिताएं’

संगरूर में केजरीवाल ने की लोगों से अपील, यह देश का संविधान और लोकतंत्र बचाने का चुनाव है, अरविंद केजरीवाल इसके लिए संघर्ष कर रहे हैं – मान
खबर खास, संगरूर/चंडीगढ़ :
आम आदमी पार्टी(आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एवं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने संगरूर से आप उम्मीदवार गुरमीत सिंह मीत हेयर के लिए चुनाव प्रचार किया। केजरीवाल और मान ने संगरूर में ‘आप’ उम्मीदवार के साथ बड़ा रोड शो किया और लोगों से मीत हेयर को रिकॉर्ड वोटों से जिताने की अपील की।
रोड शो में हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लिया और अरविंद केजरीवाल व भगवंत मान का जगह-जगह स्वागत किया। लोगों को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि संगरूर मुख्यमंत्री भगवंत मान का गृह क्षेत्र है। आपने ही उन्हें मुख्यमंत्री बनाया है। इस बार भी हमें आपसे बहुत उम्मीदें हैं। इसलिए यहां से आप उम्मीदवार मीत हेयर को सबसे ज्यादा मार्जिन से जिताएं। केजरीवाल ने कहा कि विधानसभा चुनाव में आपने हमें रिकॉर्ड बहुमत से जिताया। आम आदमी पार्टी को 117 में से 92 विधायक दिए। अब हमें लोकसभा में मजबूत कर दें, ताकि हम केंद्र सरकार से आसानी से पंजाब का काम करवा सके और पंजाब के सभी बकाया फंड जारी करवा सकें।
उन्होंने कहा कि अभी भगवंत मान को केंद्र सरकार और राज्यपाल के साथ अकेले लड़ना पड़ रहा है। केंद्र सरकार अपने राज्यपाल के माध्यम से पंजाब सरकार को लगातार परेशान कर रहे हैं। अगर पंजाब से हमारे 13 सांसद होंगे तो ये सभी संसद में भगवंत मान के हाथ व आवाज बनेंगे और उनके साथ मिलकर केन्द्र सरकार और राज्यपाल से पंजाब के हकों के लिए लड़ाई लड़ेंगे। इसलिए इस बार आम आदमी पार्टी को 13 सांसद जिताकर मुख्यमंत्री भगवंत मान के हाथ मजबूत करें। केजरीवाल ने कहा कि दो साल पहले पंजाब में आपने एक ईमानदार सरकार बनाई जिसकी वजह से अब पंजाब में हर क्षेत्र में ढ़ेर सारे काम हो रहे हैं। पहली बार बिना किसी रिश्वत और सिफारिश के हजारों नौजवानों को सरकारी नौकरियां मिली। लोगों के मुफ्त बिजली मिल रही है। जगह-जगह मोहल्ला क्लीनिक और स्कूल ऑफ एमिनेंस बना रहे हैं। आने वाले दिनों में और भी कई सारे महत्वपूर्ण काम होने हैं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि पंजाब की तेज गति से तरक्की और विकास के लिए इस बार झाड़ू का बटन दबाएं और आप उम्मीदवारों को भारी बहुमत से जिताएं।
इस बार मोदी सरकार नहीं, भारी बहुमत से बनेगी इंडिया गठबंधन की सरकार; जिसमें पंजाब का होगा सबसे बड़ा योगदान : मानमुख्यमंत्री मान ने रोड शो में आए लोगों का धन्यवाद किया और कहा कि विरोधी पार्टियों को पैसे पर भी लोग नहीं मिल रहे हैं। वहीं हमारे रोड शो में 50° टेम्परेचर में भी लोग समर्थन करने आ रहे हैं। उन्होंने लोगों से कहा कि आपका यही प्यार और विश्वास मुझे कभी थकने नहीं देता। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि छह चरणों के चुनाव से यह स्पष्ट हो गया है कि इस बार केंद्र में मोदी सरकार नहीं आ रही है। इंडिया गठबंधन भारी बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। उसमें पंजाब और आम आदमी पार्टी का सबसे बड़ा योगदान होगा। मान ने कहा कि यह चुनाव देश का संविधान और लोकतंत्र बचाने का चुनाव है। भाजपा संविधान को खत्म करना चाहती है लेकिन अरविंद केजरीवाल उसके खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। केजरीवाल को देश की चिंता है इसलिए इतनी गर्मी में वह आपके बीच आए हैं।मान ने कहा कि भाजपा को अरविंद केजरीवाल के काम से डर लगता है। केजरीवाल ने दिल्ली में बिजली फ्री की, मोहल्ला क्लीनिक और स्कूल ऑफ एमिनेंस बनाए। घर-घर राशन और सुविधाएं दे रहे हैं। दिल्ली को देखकर पंजाब में भी हमने इसे लागू किया। वहीं ये सब काम भाजपा से नहीं हो रहा है। इसीलिए उन्होंने साज़िश के तहत अरविंद केजरीवाल को जेल में डाल दिया। लेकिन केजरीवाल को वह रोक नहीं सकते क्योंकि अरविंद केजरीवाल सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, वह एक विचार हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केजरीवाल के शरीर को तो भाजपा गिरफ्तार कर सकती है लेकिन उनके विचारों को कैसे गिरफ्तार करेगी?मान ने कहा कि हम इस चुनाव में अपने दो साल के काम के आधार पर लोगों से वोट मांग रहे हैं। हमने 43000 सरकारी नौकरियां दी। आम लोगों के लिए बिजली मुफ्त की। किसानों को दिन में ही बिना कट के पर्याप्त बिजली मुहैया कराई और खेतों में नहरी पानी पहुंचाया। वहीं 10 साल सत्ता में रहने के बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिंदू मुस्लिम गाय भैंस और मंगलसूत्र के नाम पर वोट मांग रहे हैं। उनके पास गिनाने के लायक कोई काम ही नहीं है। यह देश के लिए बहुत बड़ा दुर्भाग्य है।
मान ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में आपने मुझे करीब 2 लाख 14 हजार वोटों से जिताया था। मुझे बेहद खुशी होगी जब आप उस रिकॉर्ड को सुधार कर मीत हेयर को ढाई लाख वोटों से जिताएंगे। फिर हम और मेहनत व लगन के साथ काम कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि 1 जून को हमें जिताने की जिम्मेदारी आपकी है, उसके बाद सारी जिम्मेवारी हमारी होगी। अगले तीन साल में हम मिलकर पंजाब को फिर से सोने की चिड़िया बनाएंगे।