Saturday , May 18 2024

मशहूर गायक सलीम के घर ताला तोड़कर घुसे चोर, कीमती सामान लेकर हुए फरार

खबर खास, जालंधर :
पंजाब के जालंधर में आबादपुरा के पास मशहूर सूफी सिंगर मास्टर सलीम के घर कम ऑफिस में घुसकर चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। आरोपी घर के अंदर से करीब 50 हजार रुपए की नकदी और अन्य सामान चोरी कर ले गए थे।
ये घटना शुक्रवार शनिवार गतरात्रि देर रात करीब 2.40 बजे की है। वारदात से पहले आरोपियों ने घर के बाहर लगा सीसीटीवी कैमेरा घुमा दिया था। जिसके बाद उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल ये नहीं पता चल पाया है कि घटना में सटीक कितना नुकसान हुआ है।
सिंगर मास्टर सलीम के पीए अभिषेक ने बताया कि एक मनी नाम का लड़का घर पर काम करने के लिए रखा हुआ है। वह सुबह करीब दस बजे आ जाता है। रोजाना की तरह आज वह दस बजे काम पर आया था। इस दौरान उसने देखा कि घर के दरवाजे पर लगा ताला रोड साइड पर पड़ा हुआ था। जिसके बाद उसने अंदर जाकर देखा तो पूरे घर के दरवाजों पर लगे ताले टूटे हुए और लॉकर में पड़ी नकदी गायब थी। जिसके बाद उसने मामले की जानकारी अभिषेक को दी। सीसीटीवी चेक करने लगे तो पता चला कि आरोपियों ने सीसीटीवी दूसरी साइड पर घुमा दिया था। हालांकि एक सीसीटीवी सामने आया है, जिसमें दो आरोपी एक्टिवा पर सवार होकर आते हुए नजर आ रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार सिटी के सबसे पॉश एरिया मॉडल टाउम से सटे आबादपुर के पास प्रीत नगर में ये वारदात हुई है। बता दें कि उक्त एरिया में पुलिस की गश्त हमेशा रहती है, मगर फिर भी आरोपी वारदात करने के बाद फरार हो गए। मास्टर सलीम के करीबी और उनके पीए अभिषेक ने बताया कि वारदात के बाद तुरंत मामले की जानकारी थाना डिवीजन नंबर-6 की पुलिस को दे दी गई थी। अभिषेक ने कहा- लॉकर में एक प्रोग्राम के पैसे पड़े हुए थे। साथ में आरोपी एक बड़ा इनवर्टर अपने साथ ले गए थे।