Friday , May 17 2024

टिकट न मिलने से नाराज पंजाब के पूर्व विधायक दलवीर गोल्डी ने कांग्रेस से दिया इस्तीफा

खबर खास, चंडीगढ़ :
टिकट न मिलने पर पंजाब के युवा नेता दलवीर सिंह गोल्डी ने कांग्रेस छोड़ दी है। वह संगरूर की धूरी सीट से विधायक रहे हैं। पिछली बार वे भगवंत मान से चुनाव हार गए थे। इसके बाद उन्होंने संगरूर से लोकसभा उपचुनाव लड़े लेकिन वह वहां भी हार गए थे।
इस बार वह संगरूर सीट से टिकट के दावेदार थे। लेकिन यहां कांग्रेस ने कपूरथला के भुलत्थ से विधायक सुखपाल खैहरा को उम्मीदवार बना दिया। इसके बाद वह नाराज हो गए। उन्होंने पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को इस्तीफा भेजकर लिखा कि मैं पंजाब की कांग्रेसी लीडरशिप से नाराज होकर जिला प्रधान संगरूर और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देता हूं।
गोल्डी ने सोशल मीडिया पर लिखा- भरे मन से यह फैसला ले रहा हूं। मेरा परिवार, रिश्तेदार और निजी तौर पर जानने वालों को अच्छी तरह से पता है कि मेरे लिए यह फैसला कितना मुश्किल है। इससे पहले भी उनकी नाराजगी को लेकर सवाल उठे थे तो उम्मीदवार सुखपाल खैहरा उनके घर जाकर मना आए थे लेकिन गोल्डी ने फिर भी पार्टी छोड़ दी।