Saturday , May 18 2024

प्रियंका गांधी की तबीयत खराब, भारत जोड़ो यात्रा के साथ नहीं जुड़ पाएंगी, अस्पताल में भर्ती हुईं

नई दिल्ली. राहुल गांधी की अगुवाई में मणिपुर से निकली भारत जोड़ो न्याय यात्रा उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर चुकी है. आज ही यह यात्रा उत्तर प्रदेश-बिहार बॉर्डर पर स्थित चंदौली जिले नौबतपुर के रास्ते यूपी में पहुंची. पहले कहा गया था कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और राहुल गांधी की बहन प्रियंका गांधी भी यूपी में यात्रा के पहुंचते ही इसमें शामिल होंगी. अब प्रियंका गांधी ने खुद ट्वीट करके बताया है कि वह अभी इस यात्रा में शामिल नहीं हो पाएंगी. आज इस यात्रा का 34वां दिन है और प्रियंका गांधी इस यात्रा में अभी तक शामिल नहीं हुई हैं. अब उन्होंने बताया है कि वह बीमार पड़ गई हैं और वह उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. प्रियंका ने बताया है कि ठीक होते ही वह यात्रा में शामिल होंगी.

मणिपुर से 14 जनवरी को चली यह यात्रा अब यूपी पहुंच चुकी है. यूपी में खूब सक्रिय रहने वाली प्रियंका गांधी के बारे में कहा जा रहा था कि वह यूपी में ही इस यात्रा में शामिल होंगी. अब प्रियंका के अचानक बीमार होने पर इस बात को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं क्योंकि वह अभी तक एक भी बार इस यात्रा में शामिल नहीं हुई हैं.

प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, ‘‘मैं बड़े चाव से उत्तर प्रदेश में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के पहुंचने का इंतजार कर रही थी, लेकिन बीमारी की वजह से मुझे आज ही अस्पताल में भर्ती होना पड़ा. स्वास्थ्य थोड़ा बेहतर होते ही मैं यात्रा में शामिल होऊंगी. तब तक के लिए मैं, चंदौली-बनारस पहुंच रहे सभी यात्रियों, पूरी मेहनत से यात्रा की तैयारी में लगे उत्तर प्रदेश के मेरे सहयोगियों और प्यारे भाई को शुभकामनाएं देती हूं.’’

यूपी में यात्रा क्या रूट है?
भारत जोड़ो न्याय यात्रा 16-21 फरवरी तक पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों और फिर रायबरेली एवं अमेठी में निकाली जाएगी. 22 और 23 फरवरी यात्रा के लिए विश्राम के दिन हैं. फिर यात्रा 24 और 25 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में यात्रा फिर से शुरू होगी.