Thursday , May 2 2024

‘तानाशाह भाजपा को हराने के लिए एकजुट हों लोग’

‘आप के मिशन 13-0’ कार्यक्रम में एकसुर में बोले आम आदमी पार्टी के लोकसभा उम्मीदवार

अपनी तानाशाही से सभी को डराने वाले मोदी, केजरीवाल  से डरे : बलबीर सिंह

आप नेताओं की पंजाब समर्थक बुलंद आवाज गूंजेगी संसद में : धालीवाल

खबर खास, चंडीगढ़ :

‘तानाशाह भाजपा को हराने के लिए लोग हों एकजुट ।’ यह कहना है आम आदमी पार्टी के पंजाब से सभी 13 लोकसभा उम्मीदवारों का। आम आदमी पार्टी (आप) ने सभी 13 लोकसभा उम्मीदवारों को मीडिया और पंजाब के लोगों से परिचित कराने के लिए जीरकपुर में ‘आप का मिशन 13-0’ नाम से एक कार्यक्रम आयोजित किया। पार्टी ने कहा कि वे पंजाब में 13-0 से जीतेंगे और ये उम्मीदवार संसद में पंजाबियों की आवाज बनेंगे।

कैबिनेट मंत्री अनमोल गगन मान ने उम्मीदवारों का परिचय देने से पहले सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है। हम अपने लोकतंत्र और संविधान को भाजपा और नरेंद्र मोदी की तानाशाही के चंगुल से बचाने के लिए लड़ रहे हैं। अपनी तानाशाही से सबको डराने वाले मोदी, अरविंद केजरीवाल से डरे हुए हैं। इसीलिए उन्होंने हमारे राष्ट्रीय संयोजक को इन लोकसभा चुनावों में प्रचार करने से रोकने के लिए गिरफ्तार कर लिया। अरविंद केजरीवाल एक क्रांतिकारी नेता हैं। हमारी पार्टी एक आंदोलन से पैदा हुई है। वे हमें रोक नहीं पाएंगे। अरविंद केजरीवाल के सिपाही हमारे लोकतंत्र को बचाने के लिए यह चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने आगे कहा कि अकेले भगवंत मान संसद को हिला देते थे। अब पंजाब के लोगों के पास 13 भगवंत मान जैसे प्रतिनिधियों को चुनने का मौका है और लोग इस मौके को नहीं चूकेंगे।

फिरोजपुर से उम्मीदवार जगदीप सिंह काका बराड़ ने 2022 में पंजाब विस चुनाव में मुक्तसर साहिब से चुनाव लड़ा और 51 फीसद वोट शेयर हासिल करके विधायक चुने गए। इस मौेके पर उन्होंने खुद को सम्मानित करने के लिए केजरीवाल और सीएम मान का आभार जताया और कहा कि वह कड़ी मेहनत करेंगे व पंजाब को फिर से रंगला बनाने में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देंगे।

प्रसिद्ध पंजाबी कलाकार करमजीत अनमोल जोकि फरीदकोट लोकसभा क्षेत्र से आप के उम्मीदवार हैं, पंजाब में कला के क्षेत्र में अपने योगदान के लिए पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला से स्वर्ण पदक विजेता हैं। उनके पास कई पुरस्कार हैं और वह अपनी फिल्मों और गानों के लिए पंजाब के लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हैं। वह अक्सर पंजाब और उसके लोगों के मुद्दों को उठाते रहते हैं। वह एक सामाजिक कार्यकर्ता और पर्यावरणविद् भी हैं। इस मौके पर अनमोल ने अपनी उम्मीदवारी के लिए  केजरीवाल और मान को धन्यवाद दिया और कहा कि वह सम्मानित महसूस कर रहे हैं कि उन्हें बाबा फरीद की ऐतिहासिक और धार्मिक भूमि के लोगों की सेवा करने का मौका दिया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही संसद में 13 भगवंत मान पंजाब के लिए आवाज उठाएंगे। बठिंडा से आप के उम्मीदवार गुरमीत सिंह खुडि्डयां प्रदेश केबिनेट में मंत्री भी हैं। बठिंडा पंजाब की हॉट सीट है और इसे बादल परिवार का मजबूत क्षेत्र माना जाता है। लेकिन 2022 में इन्हीं खुडि्डयां ने लंबी से पांच बार के मुख्यमंत्री रहे प्रकाश बादल को हरा दिया था। इस मौके पर खुडि्डया ने कहा कि वह पार्टी स्वयंसेवकों और बठिंडा के लोगों के निरंत समर्थन के लिए आभारी हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र पंजाब के साथ भेदभाव करता है, इसलिए पंजाब को संसद में मजबूत आवाजों की जरूरत है जो उसके अधिकारों की रक्षा करेंगे। उन्होंने कहा कि मान के नेतृत्व वाली आप सरकार ने दो साल में असाधारण काम किया है। आज 90% घरों को शून्य बिजली बिल मिलता है। शिक्षा और स्वास्थ्य मुफ्त है। हमारे युवाओं को बिना किसी रिश्वत या सिफारिश के सरकारी नौकरियां मिल रही हैं। थर्मल पावर प्लांट खरीदना मान सरकार का एक और बड़ा मील का पत्थर है। इस चुनाव में पंजाब के लोग आप सरकार के अच्छे कामों का इनाम देंगे।

आनंदपुर साहिब लोकसभा सीट से उम्मीदवार मलविंदर सिंह कंग की राजनीतिक करियर की शुरूआत राजनीति से हुई है। वह दो बार पंजाब यूनिवर्सिटी स्टूडेंट यूनियन के अध्यक्ष चुने गए। किसान आंदोलन के दौरान कंग ने ना सिर्फ किसानों का समर्थन किया और आंदोलन के दौरान दिल्ली की सीमाओं पर कई सेवाएं दीं। अपने अच्छे ज्ञान और संचार कौशल के लिए पहचाने जाने वाले प्रभावशाली नेता कंग लोगों के बीच में काफी लोकप्रिय बनाता है। उन्होंने केजरीवाल, मान और पार्टी नेतृत्व को उनपर विश्वास करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि तानाशाही के दौर में पंजाब उद्हारण पेश करेगा। उन्होंने कहा कि आज हमारा लोकतंत्र और हमारा संविधान खतरे में है और हम मिलकर इस लड़ाई को लड़ेंगे और जीतेंगे।

राज कुमार चब्बेवाल होशियारपुर लोकसभा सीट से आप के उम्मीदवार हैं। वह दोआबा में एक प्रभावशाली नेता हैं और अपने जन-समर्थक कार्यों की बदौलत होशियारपुर में उनका प्रभावशाली जनाधार है। उन्होंने कहा कि वह और हर पंजाबी मान सरकार के कार्यों से बेहद प्रभावित हैं। वह पार्टी, राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और सीएम भगवंत मान के आभारी हैं कि उन्होंने होशियारपुर के उम्मीदवार के रूप में उन पर भरोसा किया।

अकाली दल छोड़कर आप में शामिल हुए पवन कुमार टीनू जालंधर लोकसभा सीट से पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया गया है। उन्होंने अरविंद केजरीवाल और सीएम भगवंत मान को धन्यवाद दिया और कहा कि इस क्रांतिकारी पार्टी का हिस्सा बनकर वह सम्मानित महसूस कर रहे हैं। आप ने अपने चुनावी वादे पूरे किये और उसे पंजाब के लोगों का प्यार मिला। पंजाबी मान सरकार से प्रभावित हैं और वे लोकसभा चुनाव में इतिहास लिखेंगे।

सेंट्रल लुधियाना से पार्टी के उम्मीदवार अशोक पाराशर पप्पी ने अपनी उम्मीदवारी के लिए पार्टी नेतृत्व को धन्यवाद दिया और कहा कि पार्टी लुधियाना में फिर से ऐतिहासिक और बड़ी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि वह ‘रंगला पंजाब’ बनाने में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देंगे.

गुरप्रीत सिंह जीपी : फतेहगढ़ साहिब निर्वाचन क्षेत्र से आप ने जीपी को अपने उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है। गुरप्रीत जीपी फतेहगढ़ साहिब में एक जाने-माने नेता हैं। उन्होंने हमेशा लोगों की मदद करने को प्राथमिकता दी है। पंजाब की आप सरकार से प्रभावित होकर वह कांग्रेस छोड़कर आप में शामिल हुए हैं। उन्होंने उन पर भरोसा करने के लिए आप नेतृत्व को धन्यवाद दिया और कहा कि आप का हिस्सा बनकर वह सम्मानित महसूस कर रहे हैं।

पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह पटियाला लोकसभा सीट से आप के उम्मीदवार हैं। राजनीति में आने से पहले डॉ. बलबीर एक एसोसिएट प्रोफेसर के पद से सेवानिवृत्त हुए और एक नेत्र सर्जन के रूप में भी काम करते हैं। वह पटियाला के एक शिक्षित और सम्मानित नेता हैं। उन्होंने किसानों के प्रदर्शन के दौरान भी किसानों की मदद की थी। दिल्ली में भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन के बाद 2012 में वह आप में शामिल हो गए। डॉ. बलबीर ने कहा कि तानाशाह मोदी सरकार ने अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर गंभीर गलती की है। जनता भाजपा की इस तानाशाही का बदला उसे सत्ता से बाहर कर देगी। उन्होंने कहा कि पटियाला के लोग आम आदमी पार्टी और भगवंत मान के साथ हैं। वे इतने उत्साहित हैं कि उन्हें विश्वास है कि पार्टी पटियाला में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज करेगी।

कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल अमृतसर लोकसभा सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार हैं। वह अजनाला (अमृतसर) से विधायक हैं और मान सरकार में कई महत्वपूर्ण विभाग संभाल चुके हैं। वह बहुत लोकप्रिय नेता हैं। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने पवित्र शहर अमृतसर के लोगों की सेवा करने का अवसर देने के लिए आप नेतृत्व को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें अमृतसर से उम्मीदवार बनाकर उनकी निष्ठा और मेहनत का इनाम दिया है। अब अमृतसर की जनता उन्हें संसद के लिए अपना प्रतिनिधि चुनकर उन्हें सम्मान और पुरस्कार देगी। उन्होंने कहा कि इसी पार्टी ने उन्हें विधायक और मंत्री बनाया जिसके कारण उन्होंने लोगों की सेवा की। उन्होंने कहा कि आप नेताओं की जनहितैषी और पंजाब हितैषी आवाज संसद तक पहुंचेगी तो कोई भी पंजाब के लिए बाधाएं पैदा नहीं कर पाएगा और हमारे अधिकारों को नुकसान पहुंचाने के बारे में सोच भी नहीं पाएगा।

वहीं, बटाला के विधायक अमनशेर सिंह शैरी कलसी गुरदासपुर लोकसभा सीट से आप के उम्मीदवार हैं। वह युवा नेता हैं। उन्हें पार्टी में प्रदेश उपाध्यक्ष की भी जिम्मेदारी दी गई थी। चुनावी सर्वेक्षणों में वह गुरदासपुर में सबसे लोकप्रिय और पसंदीदा राजनेता हैं। उन्होंने अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान को उन पर भरोसा जताने के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि केंद्र ने हमेशा पंजाब के साथ गलत और सौतेला व्यवहार किया है। लेकिन इस बार लोग पंजाब समर्थक आप उम्मीदवारों को अपना संसद सदस्य चुनेंगे।