Monday , May 20 2024

मोहाली में गोलीबारी की घटना में शामिल बंबीहा गैंग का गुर्गा गिरफ्तार

एजीटीएफ ने किया गिरफ्तार : डीजीपी गौरव यादव
खबर खास, चंडीगढ़ :
पंजाब पुलिस की एजीटीएफ ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए गैंगस्टर दविंदर बंबीहा गैंग के गुर्गे अमृतपाल सिंह उर्फ नन्नू को गिरफ्तार किया है। यह वही शख्स है जो हाल ही में कटानी प्रीमियम ढाबा सेक्टर 79, मोहाली में हुई गोलीबारी की घटना में शामिल था। इस बात की जानकारी आज सोशल मीडिया एक्स पर पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने दी।
गिरफ्तार आरोपी से प्रारंभिक पूछताछ में उक्त घटना में शामिल दो अन्य फरार आरोपियों राणा और अर्शजोत की पहचान भी सामने आई है। इस घटना में शामिल चौथे आरोपी फिरोज को हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दरअसल यह लोग दिवंगत गायक सिद्धू मूसेवाला के मैनेजर रहे बंटी बैंस पर फायरिंग की घटना में शामिल हैं। बंटी बैंस से दविंदर बंबीहा गैंग की ओर से एक करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई थी। जिसे न देने की सूरत में उसपर यह फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने कबूल किया है कि उन्होंने विदेश में बैठे लक्की पटियाल के कहने पर गोलियां चलाईं थीं। इनमें से एक आरोपी फिरोज को कल हरियाणा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। आरोपी राजस्थान का रहने वाला है। खास बात यह है कि इन आरोपियों के लिए पैसे और हथियार की व्यवस्था भी लक्की पटियाल की ओर से की गई थी।

The post मोहाली में गोलीबारी की घटना में शामिल बंबीहा गैंग का गुर्गा गिरफ्तार first appeared on Khabar Khaas.