Thursday , May 9 2024

घायल किसान प्रीतपाल सिंह को पीजीआई चंडीगढ़ किया गया शिफ्ट

सीएम मान के निर्देश पर मुख्य सचिव ने अपने हरियाणा समकक्ष को प्रीतपाल को सौंपने के बारे में लिखा था पत्र : स्वास्थ्य मंत्री
हमारी टीम पीजीआई चंडीगढ़ में मौजूद है, पंजाब सरकार प्रीतपाल का उचित और मुफ्त इलाज सुनिश्चित करेगी, उसके परिवार को सभी आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी – डॉ. बलबीर
भाजपा सरकार लोकतंत्र की हत्या कर रही है, आंदोलनकारी किसानों को आम आदमी पार्टी का पूरा समर्थन है
खबर खास, चंडीगढ़ :
पंजाब-हरियाणा सीमा पर गंभीर रूप से घायल हो गए किसान प्रितपाल सिंह को प्रदेश सरकार के हस्ताक्षेप के बाद पीजीआई रोहतक से पीजीआई चंडीगढ़ में स्थानांतरित किया गया। इसकी जानकारी देते हुए पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ बलबीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर पंजाब के मुख्य सचिव ने प्रीतपाल सिंह को इलाज के लिए पंजाब को सौंपने के बारे में हरियाणा के मुख्य सचिव को लिखा। सीएम मान के हस्तक्षेप के बाद प्रीतपाल सिंह को पीजीआई चंडीगढ़ शिफ्ट किया गया है।
डॉ. बलबीर ने कहा कि हमारी टीम पहले से ही पीजीआई चंडीगढ़ में मौजूद है, जहां प्रीतपाल सिंह को उचित चिकित्सा देखभाल मिलेगी और उनके परिवार को सभी आवश्यक सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हरियाणा बॉर्डर पर लोकतंत्र की हत्या कर रही है और देश के संविधान और कानून व्यवस्था का मजाक उड़ा रही है। डॉ. बलबीर ने कहा कि आंदोलनकारी किसानों को आम आदमी पार्टी और भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार का पूरा समर्थन है। पंजाब, हरियाणा समेत कई राज्यों के किसान दिल्ली में शांतिपूर्वक प्रदर्शन करना चाहते हैं। केंद्र और हरियाणा सरकार को उन्हें इसकी इजाजत देनी चाहिए।
उन्होंने किसानों के खिलाफ हिंसक कार्रवाई के लिए भाजपा की केंद्र और हरियाणा सरकार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि किसानों को विरोध प्रदर्शन करने का संवैधानिक अधिकार है। कंटीले तारों का इस्तेमाल और किसानों पर अत्याचार करना बिल्कुल असंवैधानिक और अलोकतांत्रिक है। केंद्र सरकार को हमारे किसानों पर अत्याचार करना बंद करना चाहिए और जल्द उनकी सभी मांगें मान लेनी चाहिए।

The post घायल किसान प्रीतपाल सिंह को पीजीआई चंडीगढ़ किया गया शिफ्ट first appeared on Khabar Khaas.