Thursday , May 9 2024

भाजपा के वयोवृद्ध नेता लालकृष्ण आडवाणी को मिलेगा भारत रत्न

नाना जी देशमुख व वाजपेयी के बाद यह सम्मान पाने वाले तीसरे भाजपा नेता
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
खास खबर, नई दिल्ली:
भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को देश के सबसे बड़े नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा। इस बात की जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को सोशल मीडिया पर दी। आडवाणी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और भाजपा के संस्थापक सदस्य नाना जी देशमुख के बाद यह सम्मान पाने वाले भाजपा के तीसरे नेता है।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर आडवाणी के साथ अपनी तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि उन्हें यह बताते हुए बहुत प्रसन्न्ता हो रही है कि लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न से सम्मानित किया जाएगा।
वहीं, भारत रत्न मिलने पर आडवाणी ने कहा कि वह अत्यंत विनम्रता और कृतज्ञता के साथ भारत रत्न स्वीकार करते हैं जो उन्हें आज प्रदान किया गया है। यह न सिर्फ उनके लिए सम्मान की बात है बलिक उन आदर्शों और सिद्धांतों का सम्मान है जिनकी उन्होंने पूरी क्षमता से जीवन भर सेवा करने की कोशिश की है। उन्होंने इस मौके पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय और दिवंगत अटल बिहारी वाजपेयी को याद किया। इसके अलावा उन्होंने भाजपा संघ और अपनी दिवंगत पत्नी कमला आडवाणी को भी याद किया। आडवाणी ने सम्मान के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद किया।
गौर रहे कि इससे पहले 2015 में आडवाणी को देश का दूसरा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।

भाजपा के संस्थापत सदस्य को भारत रत्न मिलना हमारे लिए हर्ष की बात :धूमल
हमीरपुर :
वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने भाजपा के संस्थापक सदस्य एवं पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न सम्मान मिलने पर बधाई दी है। यहां जारी एक बयान में धूमल ने कहा कि अटल सरकार में उप प्रधानमंत्री और भाजपा के कद्दावर नेता लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न मिलना हमारे लिए बहुत खुशी की बात है। उन्होंने कहा कि पहले संघ फिर जनसंघ और बाद में अटल जी से जुड़कर उन्होंने पार्टी को नए आयाम तक पहुंचाने में बहुत महत्वपूर्ण योगदान दिया है। 1990 के दशक में वह राम जन्मभूमि आंदोलन का बड़ा चेहरा बनकर उभरे और भाजपा की आक्रामक एवं जुझारू हिंदुत्व विचारधारा की पहचान बने। आडवाणी को 1977 में पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई की सरकार में सूचना एवं प्रसारण मंत्री नियुक्त किया गया था और उन्होंने 1999 में भाजपा के नेतृत्व वाली अटल सरकार में केंद्रीय गृह मंत्री और 2002 में उप प्रधानमंत्री के रूप में भी कार्य किया।

राष्ट्र निर्माण में आडवाणी का योगदान बहुत बड़ा है-जाखड़
चंडीगढ़:
भारतीय जनता पार्टी पंजाब के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने ट्वीट कर देश के सम्मानित नेता एवं भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित लाल कृष्ण आडवाणी को बधाई दी है। जाखड़ ने अपने संदेश में लिखा है कि यह जानकर खुशी हुई कि लाल कृष्ण आडवाणी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया है। एक सच्चे राजनेता, आडवाणी जी राम मंदिर आंदोलन के वास्तुकार थे और राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान अतुलनीय है। इस दिग्गज नेता ने उपप्रधानमंत्री के रूप में विभिन्न पदों पर रहकर देश की सेवा की और विभिन्न भूमिकाओं में अपनी अलग पहचान बनाई। पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी के साथ उनका रिश्ता भारत के राजनीतिक इतिहास में एक विशेष अध्याय है। श्री जाखड़ ने लिखा कि मैं आडवाणीजी को यह विशेष और योग्य सम्मान देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार को धन्यवाद देता हूं।

The post भाजपा के वयोवृद्ध नेता लालकृष्ण आडवाणी को मिलेगा भारत रत्न first appeared on Khabar Khaas.