पंजाब के कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा की मुश्किल कम होने का नाम नहीं ले रही है। आपको बता दें कि पंजाब में पाकिस्तान (Pakistan) से आए 50 हैंड ग्रेनेड संबंधी दिए गए बयान के बाद कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा (Pratap Bajwa) को लेकर आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) लगातार जुबानी हमला बोल रही है।
एक ओर जहां उनपर मोहाली में एफआईआर दर्ज हो गई है और पुलिस ने कई घंटे तक पूछताछ की। तो वहीं दूसरी तरफ प्रदेश में कई जगह आम आदमी पार्टी ने बाजवा के खिलाफ प्रदर्शन किया। आम आदमी पार्टी (AAP) ने मोहाली में कांग्रेस नेता प्रताप बाजवा (Pratap Bajwa) के ग्रेनेड वाले भड़काऊ बयान के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन किया और बाजवा के बयान को पंजाब की शांति और सद्भाव को नुकसान पहुंचने वाला बताया है।
मान सरकार के मंत्री और पंजाब आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष अमन अरोड़ा (Aman Arora) के नेतृत्व में कैबिनेट मंत्री डा. रवजोत सिंह और डा. बलबीर सिंह के साथ विरोध प्रदर्शन में कई वरिष्ठ पार्टी नेताओं और कार्यकता शामिल हुए। इस दौरान प्रताप बाजवा की सख्त निंदा की। मंत्री अरोड़ा ने बाजवा पर निशाना साधा और कहा कि पंजाब में 50 ग्रेनेड आने के बाजवा के बेबुनियाद दावे, दहशत पैदा करने और आप सरकार द्वारा बहाल की जा रही शांति को भंग करने की कोशिश है। अगर बाजवा के पास विश्वसनीय जानकारी है, तो वह इसे पंजाब पुलिस के साथ क्यों नहीं साझा कर रहे हैं?
इसके बजाय, वह राजनीतिक फायदे के लिए पंजाब के लोगों के मन में डर फैला रहे हैं। अरोड़ा (Aman Arora) ने बाजवा के सामने दो स्पष्ट विकल्प रखे। पहला कि अपनी सूचना का स्रोत पुलिस को बताएं और दूसरा, अगर बात झूठी है तो पंजाब के लोगों से माफी मांगे। उन्होंने आगे कहा कि अघर उनके दावे सही निकलते हैं तो उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर तुरंत रद्द की जाएगी। अगर जानकारी गलत निकली तो उनपर सख्त से सख्त कारवाई की जानी चाहिए।
आपको बता दें कि अरोड़ा (Aman Arora) ने अधिकारियों के साथ सहयोग करने से इंकार करने के लिए बाजवा की आलोचना की। मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा अगर बाजवा अपने दावों को प्रमाणित नहीं कर पाते हैं, तो इससे उनके इरादों पर बेहद गंभीर संदेह पैदा होता है। पंजाब की खुफिया एजेंसियों के प्रति लोगों के विश्वास को कम करने का प्रयास करके वह उन ताकतों का समर्थन कर रहे हैं जो राज्य को अस्थिर करना चाहते हैं। पार्टी नेता और मंडी बोर्ड के चेयरमैन हरचंद सिंह बरसट ने इस दौरान बाजवा के बयान को एक साजिश बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता आप सरकार द्वारा पंजाब की तरक्की के लिए किए जा रहे कामों को पचा नहीं पा रहे हैं, इसलिए वे अशांति पैदा करने की साजिश कर रहे हैं।