Thursday , May 22 2025

हनीमून के दौरान ही बिगड़ गई बात, ससुराल में धरने पर बैठी दुल्हन, पति का आरोप नहीं बने शारीरिक संबंध

मुजफ्फरनगर में नवविवाहिता को अपने ही ससुराल में एंट्री नहीं मिल रही है। ससुराल में रहने के लिए विवाहिता को धरने पर बैठना पड़ा है। विवाहिता का नाम शालिनी है। वहीं शालिनी के पति प्रणव ने प्रेस कांफ्रेंस कर पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

शालिनी का विवाह इसी साल 12 फरवरी को मुजफ्फरनगर स्थित नई मंडी निवासी प्रणव सिंघल के साथ हुआ था। शादी के बाद शालिनी अपने पति प्रणव के साथ हनीमून के लिए इंडोनेशिया के बाली गई थी, लेकिन वहीं पर कुछ ऐसा हुआ कि शालिनी के शादीशुदा जीवन में भूचाल आ गया और यह शादी उसके लिए एक बुरा सपना बनकर रह गई।

जिस पति के साथ शालिनी ने जीने-मरने की कसमें खाई थीं, वही पति आज उसका साथ देने को तैयार नहीं है। शालिनी को अपने ससुराल में घुसने नहीं दिया जा रहा है। मजबूरन शालिनी को अपने परिवार के साथ ससुराल के बाहर धरने पर बैठना पड़ा है। हालांकि इस दौरान शालिनी का साथ देने के लिए भारी संख्या में लोग मौजूद हैं। इतना ही नहीं, शालिनी को अपने ससुराल में एंट्री मिल जाए, इसके लिए स्थानीय जनप्रतिनिधि भी प्रयास कर रहे हैं।

शालिनी ने अपनी कहानी खुद बयां की है। शालिनी के मुताबिक, पति प्रणव के साथ जब वह पांच दिन के लिए इंडोनेशिया गई थी, उसी दौरान पति ने 50 लाख रुपये की मांग की थी और कहा था कि अपने पिता से 50 लाख रुपये लाकर दो। प्रणव ने दबाव बनाया कि उसने नया घर बनाया है और शादी में भी उसका बहुत खर्चा हुआ है, लेकिन शालिनी ने यह करने में असमर्थता जताई, जिसके बाद ससुराल वालों ने भी उससे बात करना बंद कर दिया। शालिनी ने बताया कि ससुराल के लोग उसे होली पर मायके छोड़ गए, उसके बाद उसे लेने नहीं आए। अब वह ससुराल में एंट्री नहीं कर पा रही है, जिसके चलते उसे धरने पर बैठना पड़ा है।

पति का आरोप

शालिनी के पति प्रणव ने प्रेस कांफ्रेंस कर पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रणव ने अपनी पत्नी शालिनी से जान का खतरा बताया है। इतना ही नहीं, प्रणव ने यह भी कहा है कि शादी के बाद से लेकर अब तक शालिनी ने उसके साथ शारीरिक संबंध भी नहीं बनाए हैं। प्रणव के मुताबिक, जब संबंध बनाने की कोशिश की तो शालिनी ने उसे धमकी दी। प्रणव के मुताबिक, शालिनी ने उससे अपनी इच्छा से शादी नहीं की है, बल्कि अपने पिता के कहने पर शादी की है।

मुस्कान और पिंकी के कारनामों ने डराया

प्रणव के मुताबिक, मेरठ और मुजफ्फरनगर की घटनाओं ने उसके अंदर दहशत पैदा कर दी है। उसने बताया कि मुस्कान ने जिस तरह से घटना को अंजाम दिया, वहीं पिंकी की कॉफी वाली घटना ने उसे हिला के रखा है, कहीं उसकी पत्नी भी उसे मार न दे।