दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आम आदमी पार्टी (AAP) को करारी शिकस्त देते हुए 27 साल का वनवास खत्म कर सत्ता में वापसी कर ली है। दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा चुनाव की शनिवार को हुई मतगणना में भाजपा बड़े बहुमत की ओर बढ़ रही है।
सत्तारूढ़ AAP के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने अपनी पार्टी की हार स्वीकार कर ली है। उन्होंने कहा कि उन्हें जनता का निर्णय मान्य है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि दिल्ली में भाजपा की जीत विकास और सुशासन की जीत है। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी ने कहा है कि दिल्ली में लोगों ने बदलाव के लिए वोट किया है।
भारतीय राजनीति में एक नये प्रयोग के साथ लगभग 12 साल पहले सरकार में आयी आप के नेता केजरीवाल नई दिल्ली विधानसभा सीट से और उनके नजदीकी मनीष सिसोसिया जंगपुरा सीट से चुनाव हार गये हैं। दिल्ली के राजनीतिक क्षितिज पर आप के प्रादुर्भाव से पहले करीब 15 साल तक सत्ता में रही कांगेस लगातार तीसरी बार विधानसभा चुनाव में अपना खाता फिर नहीं खोल सकी है।
भाजपा ने दिल्ली में 2024 के लोकसभा चुनाव का अपना प्रदर्शन जारी रखते हुए राष्ट्रीय राजधानी के सभी इलाकों में अच्छा प्रदर्शन किया है और वोट हिस्सा लगभग 10 प्रतिशत बढ़ाया है। भाजपा ने दिल्ली के नतीजों को “ मोदी की गारंटी पर दिल्ली की जनता का भरोसा” बताया है। कांग्रेस का हराकर लगभग 12 साल पहले सत्ता में आयी आप 20 से 25 सीटों पर सिमटती नजर आयी है।
भाजपा अंतिम बार दिल्ली में तत्कालीन मुख्यमंत्री सुषमा स्वराज के नेतृत्व में सत्ता थी। वर्ष 1998 के चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा को सत्ता से लंबे समय के लिए बाहर कर दिया। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के नेतृत्व में दिल्ली में लगतार तीन कार्यकाल तक सरकार चलायी। वर्ष दिसंबर 2013 में आप ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली में सरकार का गठन किया।
रुझानों के अनुसार विधानसभा चुनावों में भाजपा को 45 से 50 सीटें मिलने की संभावना है। भाजपा ने मतगणना की आरंभ से ही बढ़त बना ली थी, लेकिन सीटों पर आप और भाजपा के बीच कांटे की टक्कर को देखते हुए हार जीत का अंतर बहुत रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों ने आप की हार में कांग्रेस का भी कुछ हाथ देखना शुरु कर दिया है। पर इस बारे में कांग्रेस की प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, ‘‘आम आदमी पार्टी को जिताना कांग्रेस की जिम्मेदारी नहीं है।’’
जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने तंज किया, “और लड़ो आपस में।’’ भाजपा के दिल्ली प्रदेश कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने होली से पहले ही होली का उत्सव मनाना शुरु कर दिया है जबकि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के कार्यालयों पर नेता और कार्यकर्ता नदारद रहे।
जनता का निर्णय सिर माथे : केजरीवाल
आम आदमी पार्टी (आप)के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) को दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत की बधाई देते हुए शनिवार को कहा कि वह जनता का निर्णय विनम्रता के साथ स्वीकार करते हैं और उनका फैसला सिर माथे है। केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो जारी करके कहा,“ आज दिल्ली विधानसभा के नतीजे आये हैं। जनता ने जो निर्णय दिया उसे मैं विनम्रता के साथ स्वीकार करता हूं। मैं उम्मीद करता हूं कि जिस आशा के साथ लोगों ने भाजपा को बहुमत दिया है वह उन सभी उम्मीदों और आशाओं पर खरा उतरेगी।”
उन्होंने कहा,“ हमें पिछले 10 साल में जनता ने जो मौका दिया उसमें बहुत सारे काम किये। शिक्षा, स्वास्थ्य, पानी और बिजली के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में लोगों को राहत पहंचाने का काम किया। जनता ने जो हमें निर्णय दिया उसमें हम न केवल रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभायेंगे बल्कि हम लोगों के सुख दुख में काम आयेंगे।” ‘आप’ नेता ने कहा,“ हम राजनीति में सत्ता के लिए नहीं आये थे। हम राजनीति को जरिया मानते हैं जनता की सेवा करने का।‘आप’ के कार्यकर्ताओं ने बहुत शानदार चुनाव लड़ा इसके लिए सभी को बधाई देता हूं।”
दिल्ली में विकास, विश्वास का नया युग शुरू : शाह
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं देश के गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में आज भाजपा की भारी बहुमत से जीत पर पार्टी एवं दिल्ली की जनता को बधाई दी और कहा यह दिल्ली में विकास एवं विश्वास के एक नए युग का आरंभ है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली अब एक आदर्श राजधानी बनेगी।
अमित शाह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर ‘दिल्ली के दिल में मोदी’ के शीर्षक से अपनी पोस्ट में लिखा, “दिल्ली की जनता ने झूठ, धोखे और भ्रष्टाचार के ‘शीशमहल’ को नेस्तनाबूत कर दिल्ली को आप-दा मुक्त करने का काम किया है। दिल्ली ने वादाखिलाफी करने वालों को ऐसा सबक सिखाया है, जो देशभर में जनता के साथ झूठे वादे करने वालों के लिए मिसाल बनेगा।”
उन्होंने कहा, “यह दिल्ली में विकास और विश्वास के एक नए युग का आरंभ है। दिल्ली में झूठ के शासन का अंत हुआ है… यह अहंकार और अराजकता की हार है। यह ‘मोदी की गारंटी’ और मोदी जी के विकास के विजन पर दिल्ली वासियों के विश्वास की जीत है। इस प्रचंड जनादेश के लिए दिल्ली की जनता का दिल से आभार।”
शाह ने कहा, “मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा अपने सभी वादे पूरे कर दिल्ली को विश्व की नंबर 1 राजधानी बनाने के लिए संकल्पित है। दिल्ली वासियों ने बता दिया कि जनता को बार-बार झूठे वादों से गुमराह नहीं किया जा सकता। जनता ने अपने वोट से गंदी यमुना, पीने का गंदा पानी, टूटी सड़कें, ओवरफ्लो होते सीवरों और हर गली में खुले शराब के ठेकों का जवाब दिया है।”
गृह मंत्री ने कहा, “दिल्ली में मिली इस भव्य जीत के लिए अपना दिन-रात एक करने वाले दिल्ली भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा जी और प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा जी को हार्दिक बधाई देता हूँ। चाहे महिलाओं का सम्मान हो, अनधिकृत कॉलोनीवासियों का स्वाभिमान हो या स्वरोजगार की अपार संभावनाएँ, मोदी जी के नेतृत्व में दिल्ली अब एक आदर्श राजधानी बनेगी।”
कुशासन किलर, सुशासन विनर : नकवी
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव का जनादेश कुशासन किलर, सुशासन विनर है। नकवी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों पर पत्रकारों से कहा, “जंतर मंतर से शुरू हुई झाड़ू की झांसा यात्रा छूमंतर हो गई है।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांप्रदायिक छल को समावेशी विकास के बल से ध्वस्त किया है जिसका नतीजा है कि दिल्ली में समाज के सभी वर्गों ने भाजपा को वोट दे कर जुगाड़ के जमघट को जनादेश के पनघट पर चारों खाने चित कर भाजपा को सुशासन के लिए ज़बर्दस्त जनादेश दिया है।