Wednesday , February 19 2025

अभिनेत्री ममता कुलकर्णी बनीं किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर

image

प्रयागराज. 90 के दशक में बॉलीवुड की चर्चित अभिनेत्री रहीं ममता कुलकर्णी ने अपने जीवन को आध्यात्मिक राह पर मोड़ दिया है। प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ के दौरान ममता ने संगम में पवित्र स्नान कर अपना पिंडदान किया और किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर का पदभार ग्रहण किया। अब उन्हें "ममता नंद गिरि" के नाम से जाना जाएगा। महामंडलेश्वर बनने के बाद ममता ने इसे अपनी नई पहचान बताया और कहा, "यह सब महादेव और महाकाली की इच्छा थी। मेरे गुरु का आदेश था, और मैं इसे पूरी श्रद्धा के साथ स्वीकार करती हूं।"

किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण ने इस अवसर पर उनका स्वागत किया और बताया कि ममता पिछले डेढ़ साल से किन्नर अखाड़े से जुड़ी हुई थीं। ममता ने साफ किया कि वह अपना शेष जीवन ईश्वर और आध्यात्मिक कार्यों को समर्पित करना चाहती हैं। उन्होंने कहा, "अब मेरा जीवन विवाह या भौतिक सुख-सुविधाओं के लिए नहीं है। मैं लोगों को आध्यात्मिकता से जोड़ने का कार्य करूंगी।"

20 अप्रैल 1972 को मुंबई में जन्मी ममता कुलकर्णी ने 1992 में फिल्म तिरंगा से बॉलीवुड में कदम रखा। उन्होंने आशिक, सबसे बड़ा खिलाड़ी, करण अर्जुन जैसी कई हिट फिल्मों में काम किया और अपने अभिनय व ग्लैमर से दर्शकों का दिल जीता। 2002 में कभी तुम कभी हम फिल्म के बाद उन्होंने फिल्मी दुनिया को अलविदा कह दिया। 2013 में ममता ने अपनी आत्मकथा ऑटोबायोग्राफी ऑफ एन योगिनी प्रकाशित की, जिसमें उन्होंने अपने जीवन के उस चरण का खुलासा किया जब उन्होंने पूरी तरह से ईश्वर को समर्पित होने का निर्णय लिया।