शनिवार को सेक्टर-25 की रैली ग्राउंड में किसान महापंचायत करवाई गई। कई किसान नेताओं ने किसान-मजदूरों को संबोधित करते हुए आंदोलन तेज करने का आह्वान किया। महापंचायत में हरियाणा के किसान नेता और भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के प्रधान गुरनाम सिंह चढ़ूनी, जोगिंदर सिंह उग्राहां और रूलदु राम मानसा सहित कई नेता पहुंचे और अपने विचार रखे। जोगिंदर सिंह उग्राहां ने कहा कि जब तक कृषि कानून रद्द नहीं किए जाते तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि न हम डरेंगे और न ही पीछे हटेंगे। प्रो. मनजीत ने कृषि कानूनों के साथ-साथ पेट्रोल-डीजल की कीमतों की वृद्धि का मसला भी उठाय़ा। उन्होंने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि यह लड़ाई हमने जीतकर वापस जाना है।
वहीं हरियाणा के किसान नेता और भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के प्रधान गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा कि दिल्ली पुलिस की ओर से 1700 लोगों को नोटिस भेजे गए हैं। उन्होंने किसानों व मजदूरों को कहा कि उन्हें डरने की जरूरत नहीं है उनका केस यूनियन की ओर से लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर किसी को दिल्ली पुलिस का नोटिस आता है तो किसी को वहां जाने की जरूरत नहीं है।