उन्नाव: एक तरफा प्यार में नाकाम प्रेमी ने ही उन्नाव की लड़कियों को पानी में जहर मिलाकर पिलाया था। उन्नाव कांड की गुत्थी सुलझाते हुए यूपी पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि लड़के ने खेत में काम कर रही लड़कियों को खाने के लिए नमकीन दी थी। फिर जब उन्होंने पानी मांगा तो कीटनाशक मिलाकर दे दिया।
पुलिस के अनुसार, प्रपोजल ठुकराये जाने से नाराज युवक ने हत्या की योजना बनाई थी। इस घटना में दो लड़कियों की मौत हो गई जबकि तीसरी का कानपुर में इलाज चल रहा है। पुलिस ने काफी हद तक थ्योरी सुलझा दी है लेकिन फिर भी कई ऐसे सवाल जिनके जवाब नहीं मिल पाए हैं-
– पानी की बोतल में कीटनाशक मिलाया गया था। क्या कीटनाशक से पानी का रंग और स्वाद नहीं बदला?
– सबसे पहले पानी पीने वाली लड़की ने बाकी को इसके बारे में कुछ नहीं बताया?
– जहर आखिर कितनी तीव्रता का था कि लड़कियां बिल्कुल भी प्रतिरोध नहीं कर सकीं या चलकर रोड तक नहीं आ सकीं?
– लड़कियों के पास घटनास्थल पर मोबाइल मौजूद थे या नहीं?
– क्या परिवार से लड़कियों के मोबाइल रिकवर हुए हैं?
– घटनास्थल पर सबसे पहले पहुंचने वाले परिजन को क्या मोबाइल मिले थे?