उमेश कुशवाह को जनता दल युनाइटेड का बिहार प्रदेश अध्यक्ष चुन लिया गया। पार्टी की राज्य परिषद की दो दिनी बैठक के अंतिम दिन रविवार को उनका चयन किया गया। इससे पहले वशिष्ठ नारायण सिंह प्रदेश अध्यक्ष थे।
पार्टी के वरिष्ठ नेता राजीव रंजन सिंह ने कुशवाह को चुने जाने की घोषणा की। राजीव रंजन सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि केंद्र में सत्तारूढ़ राजग के साथ हमारी पार्टी मजबूती के साथ खड़ी है। एनडीए के साथ जदयू के रिश्तों को लेकर विपक्ष अफवाहें फैला रहा है। उन्होंने यह बात मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर चल रही तमाम तरह की अटकलों को लेकर कही। बैठक के दौरान वशिष्ठ नारायण सिंह ने स्वास्थ कारणों से प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया और कुशवाह को प्रदेश अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया।