शिवपाल समर्थकों की मानें तो सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव साथ आए तो समाजवादी लोकदल नाम से पार्टी बनेगी। उनके खुलकर सामने नहीं आने पर वह अपने साथियों के साथ कांग्रेस का दामन थामकर प्रदेश में ताकत का अहसास कराएंगे। सोमवार इटावा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से वार्ता करते हुए शिवपाल सिंह यादव ने साफ कहा कि अब और ज्यादा इंतजार नहीं किया जाएगा। बहुत कुछ देख लिया है, अपने-पराए सभी स्पष्ट हो गए हैं। अक्टूबर से लेकर जनवरी तक जितना समय देना था दे दिया, नेताजी का आशीर्वाद सदैव मिलेगा। फरवरी में आर-पार का फैसला होगा।
शिवपाल समर्थक एक सपा नेता ने बताया कि बात न माने जाने से नेताजी भी व्यथित हैं। वह भी शिवपाल के साथ आ सकते हैं। ऐसा होने पर समाजवादी लोकदल के रूप में नया दल बनाकर प्रदेश में समाजवादियों को एकजुट किया जाएगा। नेताजी के खुलकर सामने न आने पर वह कांग्रेस का थामन थाम सकते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी तथा प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर सहित अन्य नेताओं से वार्ता चल रही है। बहरहाल फरवरी में शिवपाल सिंह यादव अपने राजनैतिक भविष्य की दिशा तय कर देंगे।
सपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने जनसहयोगी बालिका इंटर कालेज बसरेहर में सभागार तथा पुस्तकालय का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में बालिकाओं ने देश भक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करके सभी का मन मोह लिया।
समिति के उपाध्यक्ष लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. रामसेवक यादव की अध्यक्षता में कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में सपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में शिक्षा के संसाधन उपलब्ध कराने में कोई कसर नहीं छोड़ी गई है, अब शिक्षक-शिक्षिकाओं का दायित्व है कि इस क्षेत्र में बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाए।