Saturday , July 27 2024

संगरूर में गरजे मान, कहा-यह देश का संविधान और लोकतंत्र बचाने का चुनाव

खबर खास, संगरूर/चंडीगढ़:
आम आदमी पार्टी(आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एवं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने संगरूर से आप उम्मीदवार गुरमीत सिंह मीत हेयर के लिए चुनाव प्रचार किया है। केजरीवाल और मान ने संगरूर में ‘आप’ उम्मीदवार के साथ बड़ा रोड शो किया और लोगों से मीत हेयर को रिकॉर्ड वोटों से जिताने की अपील की। रोड शो में हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लिया और अरविंद केजरीवाल व भगवंत मान का जगह-जगह स्वागत किया। लोगों को संबोधित करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि संगरूर मुख्यमंत्री भगवंत मान का गृह क्षेत्र है। आपने ही उन्हें मुख्यमंत्री बनाया है। इस बार भी हमें आपसे बहुत उम्मीदें हैं। इसलिए यहां से आप उम्मीदवार मीत हेयर को सबसे ज्यादा मार्जिन से जिताएं।

मुख्यमंत्री मान ने कहा कि यह चुनाव देश का संविधान और लोकतंत्र बचाने का चुनाव है। भाजपा संविधान को खत्म करना चाहती है लेकिन अरविंद केजरीवाल उसके खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं। केजरीवाल को देश की चिंता है इसलिए इतनी गर्मी में वह आपके बीच आए हैं। मान ने कहा कि भाजपा को अरविंद केजरीवाल के काम से डर लगता है। केजरीवाल ने दिल्ली में बिजली फ्री की, मोहल्ला क्लीनिक और स्कूल ऑफ एमिनेंस बनाए। घर-घर राशन और सुविधाएं दे रहे हैं। दिल्ली को देखकर पंजाब में भी हमने इसे लागू किया। वहीं ये सब काम भाजपा से नहीं हो रहा है। इसीलिए उन्होंने साज़िश के तहत अरविंद केजरीवाल को जेल में डाल दिया। लेकिन केजरीवाल को वह रोक नहीं सकते क्योंकि अरविंद केजरीवाल सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, वह एक विचार हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार केजरीवाल के शरीर को तो भाजपा गिरफ्तार कर सकती है लेकिन उनके विचारों को कैसे गिरफ्तार करेगी?


43 हजार नौकरियां दी…

मान ने कहा कि हम इस चुनाव में अपने दो साल के काम के आधार पर लोगों से वोट मांग रहे हैं। हमने 43000 सरकारी नौकरियां दी। आम लोगों के लिए बिजली मुफ्त की। किसानों को दिन में ही बिना कट के पर्याप्त बिजली मुहैया कराई और खेतों में नहरी पानी पहुंचाया। वहीं 10 साल सत्ता में रहने के बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिंदू मुस्लिम गाय भैंस और मंगलसूत्र के नाम पर वोट मांग रहे हैं। उनके पास गिनाने के लायक कोई काम ही नहीं है। यह देश के लिए बहुत बड़ा दुर्भाग्य है। मान ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में आपने मुझे करीब 2 लाख 14 हजार वोटों से जिताया था।

हमें मजबूत करें, ताकि केंद्र से फंड ले सकें…
मुझे बेहद खुशी होगी जब आप उस रिकॉर्ड को सुधार कर मीत हेयर को ढाई लाख वोटों से जिताएंगे। फिर हम और मेहनत व लगन के साथ काम कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि 1 जून को हमें जिताने की जिम्मेदारी आपकी है, उसके बाद सारी जिम्मेवारी हमारी होगी। अगले तीन साल में हम मिलकर पंजाब को फिर से सोने की चिड़िया बनाएंगे। केजरीवाल ने कहा कि विधानसभा चुनाव में आपने हमें रिकॉर्ड बहुमत से जिताया। आम आदमी पार्टी को 117 में से 92 विधायक दिए। अब हमें लोकसभा में मजबूत कर दें, ताकि हम केंद्र सरकार से आसानी से पंजाब का काम करवा सके और पंजाब के सभी बकाया फंड जारी करवा सकें।