Saturday , July 27 2024

पीएम मोदी की जालंधर में रैली, पुलिस ने किसान नेताओं को किया नजरबंद

खबर खास, चंडीगढ़ :
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज भाजपा प्रत्याशी सुशील रिंकू के लिए प्रचार करने जालंधर आ रहे हैं। उनके दौरे से पहले ही पुलिस ने किसान नेताओं को नजरबंद कर लिया है। आज शुक्रवार सुबह किसान यूनियन एकता सिद्धपुर के जिला अध्यक्ष कुलविंदर सिंह मछयाणा को सुबह उनके घर नजरबंद कर लिया गया है।
इसके अलावा भारतीय किसान यूनियन कादियां के नेता अमरीक सिंह को उनके पैतृक गांव भार सिंह पुरा स्थित घर में पंजाब पुलिस ने नजरबंद कर लिया है। सूत्रों के मुताबिक, किसान यूनियन के नेता पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी रैली में विरोध न कर सकें, इसलिए भारतीय किसान यूनियन के अमरीक सिंह को पुलिस प्रशासन ने गांव भार सिंह पुरा में उनके घर में नजरबंद किया है।
गौर रहे कि किसानों ने पीएम मोदी से सवाल पूछने का ऐलान किया हुआ है, जिसके चलते किसानों को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है। गुरुवार को भी किसान पटियाला में पीएम मोदी से सवाल पूछने के लिए पहुंचे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें हाईवे पर ही रोक लिया था। इसके बाद किसानों ने आज जालंधर में पीएम मोदी की रैली में पहुंचने का एलान किया था। लेकिन पुलिस ने पहले ही किसानों को घरों में नजरबंद कर दिया है।