Saturday , July 27 2024

चंडीगढ़ : प्रियंका गांधी 26 मई को चंडीगढ़ में करेंगी रोड शो, गठबंधन उम्मीदवार मनीष तिवारी के लिए मांगेंगी वोट

खबर खास, चंडीगढ़ :
चंडीगढ़ में 26 मई को कांग्रेस की नेता प्रियंका गांधी आ रही है। वह यहां पर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के संयुक्त उम्मीदवार मनीष तिवारी के लिए वोट मांगेंगी। उनकी तरफ से यहां पर कोई जनसभा नहीं की जाएगी। लेकिन शहर में एक रोड शो निकला जाएगा। इस रोड शो के लिए कांग्रेस के नेता रूट प्लान तैयार कर रहे हैं। अभी तक यह तय नहीं किया गया है। जल्द ही रूट प्लान बनाकर प्रशासन से इसकी अनुमति ले ली जाएगी।
हालांकि चंडीगढ़ में कांग्रेस की तरफ से अभी तक कोई बड़ी जनसभा या रैली नहीं की गई है। 26 तारीख को प्रियंका गांधी की तरफ से निकाला जाने वाला रोड शो पहला कार्यक्रम होगा, जब कांग्रेस चंडीगढ़ में इस तरह से चुनाव प्रचार करेंगी। अभी तक चंडीगढ़ लोकसभा के उम्मीदवार मनीष तिवारी घर-घर जाकर या छोटी जनसभाएं करके अपना चुनाव प्रचार कर रहे हैं। हालांकि चंडीगढ़ में मंगलवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मौजूद रहे, लेकिन उन्होंने भी कोई बड़ा कार्यक्रम नहीं किया।
गौर रहे कि बीते रोज मंगलवार को मल्लिकार्जुन खड़गे ने होटल ताज में एक प्रेस वार्ता की थी। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने बताया कि मनीष तिवारी पिछले 40 साल से चंडीगढ़ से चुनाव लड़ने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन किसी वजह से वह संभव नहीं हो पाया। लेकिन इस बार उन्हें चंडीगढ़ से चुनाव लड़ने का मौका मिला है। उन्होंने कहा कि इस बार भी चंडीगढ़ से चुनाव लड़ने के लिए कई काबिल नेता थे, फिर भी उन्हें यह मौका दिया गया है। बता दें कि कांग्रेस ने इस बार दिग्गज नेता पवन बंसल का टिकट काटकर मनीष तिवारी को मैदान में उतारा है।