Tuesday , May 21 2024

सत्यमेव जयते : तानाशाही के अंत की है शुरूआत : आम आदमी पार्टी

‘यह सिर्फ अंतरिम जमानत नहीं है, यह लोकतंत्र की जीत है, सत्य की हमेशा जीत होती है’: आप पंजाब
अरविंद केजरीवाल की जमानत पर आप नेताओं ने पार्टी कार्यालय में मनाया जश्न
मुख्यमंत्री मान ने कहा – उच्चतम न्यायालय का धन्यवाद, अब हम लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई और शिद्दत के साथ लड़ेंगे
खबर खास, चंडीगढ़ :
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट द्वारा अंतरिम जमानत दिए जाने पर पर आप नेताओं ने चंडीगढ़ पार्टी कार्यालय में जश्न मनाया और सुप्रीम कोर्ट को धन्यवाद दिया। आप ने कहा कि यह लोकतंत्र की जीत और तानाशाही के अंत की शुरुआत है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट कर कहा कि उच्चतम न्यायालय का धन्यवाद, अब हम लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई और शिद्दत के साथ लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल एक व्यक्ति नहीं एक सोच है और अब हम इस सोच को और तेज़ी के साथ आगे लेकर बढ़ेंगे। पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री हरजोत बैंस ने कहा कि आज सुप्रीम कोर्ट से अरविंद केजरीवाल को अंतरिम जमानत मिलने से एक बात साबित हुई है कि सत्य की जीत हुई है। उन्होंने कहा कि इससे लोगों में एक उम्मीद की किरण जगी है। अरविंद केजरीवाल जी के बाहर आने से लोकतंत्र और मजबूत होगा। अब पूरा देश मिलकर इस लड़ाई को लड़ेगा और लोकतंत्र को मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज देश में एक तानाशाही सरकार है जो सरकार जो विपक्ष लोकतंत्र और संविधान को खत्म करने की कोशिश कर रही है, लेकिन अब इस तानाशाही का अंत होगा।
मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने कहा कि भाजपा ने हमारे राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को जेल में रखने की बहुत कोशिश की लेकिन सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें जमानत देकर देश की न्यायिक व्यवस्था पर भरोसा कायम किया है।
मंत्री बलबीर सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को जमानत मिलने से हम सभी आप कार्यकर्ता बेहद खुश हैं। अब हम और उत्साह के साथ चुनाव लड़ेंगे और मुख्यमंत्री भगवंत मान एवं अरविंद केजरीवाल के मिशन 13-0 को पूरा करेंगे।
आप प्रवक्ता नील गर्ग ने कहा कि यह सिर्फ अंतरिम जमानत नहीं है, यह लोकतंत्र की जीत है, सत्य की हमेशा जीत होती है. माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने लोकतंत्र को नष्ट करने वालों को झटका दिया है। बीजेपी क्रांतिकारी नेता अरविंद केजरीवाल को लोकसभा चुनाव में प्रचार करने से रोकना चाहती थी, आज सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें चुनाव प्रचार के लिए जमानत दे दी है। यह हमारे लोकतंत्र के लिए एक बड़ी जीत है, हम अपने लोकतंत्र की रक्षा के लिए माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आभारी हैं।आप नेता ने कहा कि यह कोई छुपी बात नहीं है कि बीजेपी और नरेंद्र मोदी आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल से डरते हैं, इसलिए उन्होंने हमें रोकने के लिए हमारी पार्टी और उसके नेताओं के खिलाफ साजिश रची। जब वे हमें किसी अन्य तरीके से डराने में विफल रहे, तो उन्होंने केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया और आम चुनाव से ठीक पहले एक मौजूदा मुख्यमंत्री को गिरफ्तार कर लिया। यह फैसला हमारे लोकतंत्र के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इससे उन सभी लोगों को सकारात्मक बढ़ावा मिलेगा जो हमारे लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए लड़ रहे हैं। वहीं आप नेता और कार्यकर्ता भी अब नए जोश और उत्साह के साथ काम करेंगे।