Friday , May 10 2024

‘चार जून को पूरा हो जाएगा मिशन 13-0, पंजाब की जनता नई इबारत लिखने को तैयार’

फिरोजपुर में बोले मुख्यमंत्री मान, आप उम्मीदवार जगदीप बराड़ के पक्ष में किया रोड़ शो, भारी संख्या में जुटी भीड़ ने दिया भरोसा, रिकार्ड तोड़ जीत करवाएंगे दर्ज
रोड शो के दौरान भगवंत मान ने लोगों को अंबेडकर की तस्वीर दिखाकर कहा – भाजपा बाबा साहेब का लिखा संविधान करना चाहती है खत्म
खबर खास, फिरोजपुर/चंडीगढ़ :
पंजाब के मुख्यमंत्री मान ने शनिवार को फिरोजपुर में आप उम्मीदवार जगदीप सिंह काका बराड़ के पक्ष में प्रचार किया। मान ने फिरोजपुर लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में रोड शो किया और लोगों से काका बराड़ को जीताने की अपील की। रोड शो के दौरान मान ने शिरोमणि अकाली दल बादल और सुखबीर बादल पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सुखबीर बादल हार के डर से मैदान छोड़कर भाग गए। उन्हें पता है कि पंजाब की जनता अब उन्हें कभी मौका नहीं देगी। इसलिए उन्होंने चुनाव नहीं का फैसला किया है।मान ने कहा कि अकाली दल के प्रतिनिधि के तौर पर बादल परिवार कई बार केंद्र सरकार का हिस्सा रहा, लेकिन इन लोगों ने पंजाब के हक के लिए कभी कोई आवाज नहीं उठाई। इन्होंने हमेशा अपना फायदा देखा और पंजाब के अधिकारों की अनदेखी की। इसलिए जनता से उनको उनकी असली जगह दिखा दी। रोड शो के दौरान मान ने लोगों को संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर की तस्वीर दिखाकर कहा कि भाजपा बाबा साहब का लिखा संविधान खत्म करना चाहती है। उन्होंने कहा कि कहा कि यह चुनाव सिर्फ प्रधानमंत्री और सांसद बनाने का चुनाव नहीं है। यह देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने का चुनाव है। अगर भाजपा इस बार जीत गई तो देश में फिर कभी चुनाव नहीं होंगे। वह देश में रूस और चीन की तरह सिंगल पार्टी सिस्टम लागू कर देगी और आपसे वोट देने का अधिकार छीन लेगी। इसलिए इस बार भाजपा को हराना बेहद जरूरी है।मान ने कहा कि भाजपा वाले देश और पंजाब के सांप्रदायिक सौहार्द को खराब करने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि पंजाब आपसी भाईचारा और सांप्रदायिक सद्भाव के लिए ही जाना जाता है। यहां के लोग गुरूपर्व, ईद और नवमी एक साथ मिलकर मनाते हैं। यहां के लोग नफरत की राजनीति को कभी स्वीकार नहीं करते। इस बार भी पंजाब के लोग नफरत की राजनीति को खारिज करेंगे और काम की राजनीति को चुनेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल से डरी हुई हैं। इसलिए साज़िश के तहत उन्होंने झूठे मामले में अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें लगता है कि वे अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करके आम आदमी पार्टी को रोक लेंगे लेकिन ये उनकी गलतफहमी है।केजरीवाल सिर्फ एक व्यक्ति नहीं, वह एक विचार हैं, एक सोच हैं। वे अरविंद केजरीवाल के शरीर को तो गिरफ्तार कर सकते हैं लेकिन उनकी सोच को कैसे गिरफ्तार करेंगे?
बॉर्डर इलाके के किसानों पर मान ने कहा कि हमने किसानों की सुविधा के लिए पंजाब के कोने कोने तक नहर का पानी पहुंचाया। उन्होंने कहा कि पहले किसानों कट लगा लगाकर 8 घंटे बिजली मिलती थी। लेकिन हमने सरकार बनाने के बाद अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को बिना कट लगाए 11 घंटे बिजली दी जाए और वह भी दिन में ताकि उनका समय और ऊर्जा बर्बाद न हो।दो चरणों के मतदान से स्पष्ट हो गया कि केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही

मान ने कहा कि दो चरण के मतदान से यह स्पष्ट हो गया है कि इस बार केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है और आम आदमी पार्टी उस सरकार का महत्वपूर्ण सहयोगी होगी। इसलिए हमें मजबूत करने के लिए मुझे 13 हाथ और दें। हमारे सभी सांसद लोकसभा में पंजाब के हक की उठाएंगे। सरकार भी हमारा गठबंधन का होगा फिर पंजाब का एक रूपये का भी फंड नहीं रूकेगा।