Thursday , May 2 2024

भारी बारिश और तूफान के बावजूद भगवंत मान ने श्री फतेहगढ़ साहिब में किया जनसभा को संबोधित

पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मान को सुनने के लिए उत्साह से झूमे
मान ने कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहित करते कहा – आपका उत्साह और समर्पण पंजाब में 13-0 से जीत करेगा सुनिश्चित
खबर खास, श्री फतेहगढ़ साहिब :
आज पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ‘आप के मिशन 13-0’ कार्यक्रम के तहत श्री फतेहगढ़ साहिब में लोगों को संबोधित कर रहे थे, तभी इलाके में भारी बारिश और तूफान आ गया। सीएम भगवंत मान और पंडाल में मौजूद पार्टी के सभी कार्यकर्ता बारिश में भीग गए लेकिन भगवंत मान सभा को संबोधित करने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ पंडाल में रुके रहें। भगवंत मान ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वह किसानों का दर्द समझते हैं। कटाई के लिए तैयार गेहूं की फसल के लिए यह बारिश अच्छी नहीं है। बारिश और तूफान के अलावा कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी फसलों को नुकसान पहुंचा रही है। लेकिन घबराना नहीं है। मैं आपके साथ हूं। मुख्यमंत्री के तौर पर आज ओलावृष्टि के दौरान पकी हुई फसलों को जो भी नुकसान हुआ है, मैं आपकी फसल के एक-एक दाने के नुकसान की भरपाई करूंगा।मान ने कहा कि किसी भी तरह की मुश्किल घड़ी में मैं हमेशा लोगों के साथ हूं। हमारे गुरुओं और शहीदों ने हमें एक-दूसरे की मदद करने और हमेशा गरीबों और पीड़ितों के साथ खड़े रहने के लिए प्रेरित किया है। थोड़ी सी बारिश से चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। बादल चाहे कितने भी काले क्यों न हों, सूरज हमेशा चमकता है। उन्होंने कहा कि वह अन्य नेताओं (कांग्रेस और अकाली दल के नेताओं) की तरह नहीं हैं जो सबसे पहले अपनी सुरक्षा के लिए दौड़ते हैं। हमने हमेशा जनता और उनकी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी है।मान ने कहा कि प्रकृति पर कोई नियंत्रण नहीं कर सकता, लेकिन ऐसे समय में हम एक-दूसरे के साथ खड़े हो सकते हैं। चाहे बारिश हो, हवा हो या तूफान हो। भगवंत मान आपके साथ खड़ा रहेगा। पार्टी कार्यकर्ता और लोग इस बात से भी काफी खुश थे कि भारी बारिश के बावजूद भी मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपना कार्यक्रम रद्द नहीं किया। उन्होंने आम लोगों के लिए मौजूद रहने और हमेशा किसानों के बारे में सोचने के लिए उनकी सराहना की।