Thursday , May 9 2024

संदेशखाली की घटना भाजपा की सोची समझी साजिश – नील गर्ग

भाजपा देश में सिखों और अल्पसंख्यकों के खिलाफ नैरेटिव सेट करने की कोशिश कर रही है
खबर खास, चंडीगढ़ :
आम आदमी पार्टी(आप) के प्रदेश प्रवक्ता नील गर्ग ने पश्चिम बंगाल की संदेशखाली की घटना को भाजपा की सोची समझी साजिश बताया है। उन्होंने इस घटना के लिए भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व को जिम्मेदार ठहराया और इसपर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से स्पष्टीकरण की मांग की।
बुधवार को चंडीगढ़ पार्टी मुख्यालय में आप प्रवक्ता जसतेज सिंह के साथ एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए नील गर्ग ने कहा कि बंगाल की धरती रविंद्र नाथ टैगोर और सुभाष चन्द्र बोस की धरती है। पर पिछले कुछ सालों से भाजपा बंगाल में लगातार अल्पसंख्यकों के खिलाफ नफरत फैलाने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा देश में लगातार सिखों और अल्पसंख्यकों के खिलाफ नैरेटिव सेट करने की कोशिश कर रही है। इसके लिए स्पष्ट तौर पर भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व जिम्मेदार है क्योंकि इन घटनाओं की रूपरेखा दिल्ली में ही तय होती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा नेता सिर्फ अल्पसंख्यकों के खिलाफ ही अपशब्द का इस्तेमाल नहीं करते, वह देश के किसानों और जवानों के प्रति भी गलत शब्दावली का प्रयोग करते हैं। दरअसल भाजपा देश को धर्म के आधार पर बांटना चाहती है, लेकिन उसके गलत मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने नफरती एजेंडे के माध्यम से पिछले 10 सालों में देश को भारी आर्थिक सामाजिक और राजनीतिक नुकसान पहुंचाया है। इतना नुकसान अंग्रेजों ने भी देश को नहीं पहुंचाया होगा।
आम आदमी पार्टी बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व से मांग करती है कि वह इस मुद्दे पर जल्द से जल्द स्पष्टीकरण दें और माफी मांगे। उन्होंने इस घटना के लिए जिम्मेवार बंगाल भाजपा के नेताओं पर कार्रवाई की भी मांग की।

The post संदेशखाली की घटना भाजपा की सोची समझी साजिश – नील गर्ग first appeared on Khabar Khaas.