Tuesday , May 21 2024

पंजाब के पल्लेदार 12 जनवरी से पांच दिन की हड़ताल पर

ठेकेदारी प्रथा खत्म करने की उठाई हैं मांग
खबर खास, चंडीगढ़:
पंजाब के पल्लेदारों ने पांच दिन की हड़ताल की घोषणा की है। अब पंजाब से देश के दूसरे हिस्सों में जाने वाला चावल नहीं जा सकेगा। नतीजतन पांच दिनों के दूसरे राज्यों में जाने वाला लगभग पांच करोड़ का चावल अब पंजाब में ही पड़ा रहेगा जिससे पंजाब सरकार को खासा नुकसान होने की संभावना है;
इस बारे में पंजाब प्रदेश के पल्लेदार मजदूर यूनियन के अध्यक्ष शिंदर पाल बरनाला ने कहा कि पंजाब सरकार लगातार बातचीत के बावजूद उनकी मांगों को पूरा नहीं कर रही है। जिसके चलते पल्लेदार हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर हैं। इस क्रम में पंजाब में कार्यरत करीबन साढ़े तीन लाख पल्लेदार पूरी तरह से पांच दिन कामकाज बंद कर देंगे। इस दौरान न तो वह चावल को यहां से बाहर जाने देंगे और न ही बारदाने की लोडिंग और अपलोडिंग होग;
उन्होंने कहा कि खन्ना में होने वाली अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान की रैली में भी यूनियन के सदस्य काले झंडे लगाकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करेंगे। पंजाब पल्लेदार यूनियन एटक के प्रधान अवतार सिंह कल्याण ने कहा कि पल्लेदारों की मांगों को सरकार यदि मानती है तो सीधे सरकार का ही फायदा है। पंजाब सरकार ऐसा क्यों नहीं कर रही है यह समझ नहीं आ रहा है। इस हड़ताल में गल्ला मजदूर यूनियन के हरदेव सिंह गोल्डी, फूड हैंडलिंग वर्कर यूनियन के केवल सिंह मोगा और फूड एलाइड वर्कर यूनियन के रमेश सहोता अपनी टीमों के साथ शामिल होंगे।

The post पंजाब के पल्लेदार 12 जनवरी से पांच दिन की हड़ताल पर first appeared on Khabar Khaas.