Saturday , July 27 2024

मोगा में पुलिस और बंबीहा गैंग के गुर्गों के बीच मुठभेड़, तीन बदमाश गिरफ्तार

लक्की पटियाल और मनदीप धालीवाल के बताए जा रहे हैं करीबी

इस मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी घायल

खबर खास, मोगा :

पंजाब के मोगा में पुलिस और बंबीहा गैंग के बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई है। इसके बाद पुलिस ने तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस गिरफ्त में आए बदमाशों में मोगा का शंकर राजपूत, जश्व और धर्मकोट का रहने वाला नवदीप सिंह शामिल है। पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश गिरने से जख्मी हुआ जबकि एक पुलिस कर्मी भी जख्मी हुआ है।पुलिस के मुताबिक यह तीनों बदमाश बंबीहा गैंग को आपरेट कर रहे गैंगस्टर लक्की पटियाल और मनदीप धालीवाल के साथ जुड़े हुए हैं।

पुलिस के मुताबिक सीआइए स्टाफ मेहना के इंचार्ज इंस्पेक्टर दलजीत सिंह ने बंधनी से मल्लियाणा जाती सडक पर नाका लगाया हुआ था। नाके पर दौधर से आते तीन बाइक सवारों को पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो पुलिस को देखकर वह पीछे मुड़े और भागने लगे। इससे पुलिस को शक हआ और पुलिस पार्टी ने उनका पीछा किया। उन्होंने बाइक फेंक दी और वह खेतों की ओर भाग गए। पुलिस ने उन्हें आत्मसमर्पण करने को कहा लेकिन वह नहीं माने। पुलिस उनके पीछे भागे तो आरोपियों ने फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी बचाव के लिए हवाई फायरिंग की। बाद में पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गौर रहे कि बीते रोज मोहाली और पटियाला में भी पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़ हुई थी। मोहाली पुलिस ने कुरुक्षेत्र के बदमाशों प्रिंस और करनजीत को आपसी फायरिंग के बाद गिरफ्तार कर लिया था। इस में दोनों बदमाशों के पैर में गोलियां लगी थी। जबकि पटियाला में मलकीत चिट्‌टा के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई। वह मोटरसाइकिल में जा रहा था और क्रास फायरिंग के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

The post मोगा में पुलिस और बंबीहा गैंग के गुर्गों के बीच मुठभेड़, तीन बदमाश गिरफ्तार first appeared on .