Saturday , July 27 2024

आत्मा को शांति देता है सूफी संगीत, बोले कंवर ग्रेवाल |

कहा, युवा अच्छा संगीत सुनें और दूसरों को भी करें प्रेरित
खबर खास, मालेरकोटला:
‘सूफी संगीत आत्मा को शांति देता है।’ यह कहना है प्रसिद्ध सूफी और लोक गायक कंवर ग्रेवाल का। उन्होंने युवाओं से अच्छा संगीत सुनने और दूसरों को भी प्रेरित करने का आह्वान किया।
यहां मालेरकोटला में सूफी महोत्सव में शिरकत करते हुए उन्होनें सरकार के इस प्रयास की सराहना कराते हुए कहा कि यह महोत्सव पंजाब की आने वाली पीढ़ियों को बहुत कुछ देगा।
कार्यक्रम से पहले बात करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी विरासत सूफी गायन और संगीत है। हमारे युवाओं को इसकी जानकारी नहीं है। आज अगर पंजाब सरकार ने यह पहल की है तो यह बहुत ही सराहनीय कार्य है। विशेषकर इस महोत्सव को मालेरकोटला में आयोजित करने का निर्णय एक सोने पे सुहागे वाली बात है।
उन्होंने कहा कि अगर हम भारतीय पंजाब में सूफी संगीत की बात करें तो यह सम्मान मलेरकोटला को जाता है जहां सूफी संगीत ने बहुत संघर्ष किया है और काफी प्रगति की है। उन्होंने कहा कि मालेरकोटला में सूफी महोत्सव के दौरान कार्यक्रम प्रस्तुत कर ऐसा लग रहा था जैसे वह अपने पूर्वजों के घर में प्रस्तुति दे रहे हों।
युवाओं को कई चीजें गलत तरीके से परोसी जा रही हैं
उन्होंने कहा कि ये कहते हुए बहुत दुख हो रहा है कि आज पंजाब के युवाओं को कई चीजें गलत तरीके से परोसी जा रही हैं। जिससे प्रदेश की युवा पीढ़ी को बचाने की सख्त जरूरत है। ऐसे आयोजन एक लहर बनने चाहिए। हर शहर में ऐसे आयोजन होने चाहिए। उन्होंने युवाओं से अच्छा संगीत सुनने और दूसरों को प्रेरित करने का आग्रह किया। सूफी संगीत आत्मा को शांति देता है।